1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी मुख्यालय के कर्मचारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, कही ये बात

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी मुख्यालय के कर्मचारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, कही ये बात

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 18, 2024 07:33 pm IST,  Updated : Jul 18, 2024 11:30 pm IST

भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मोदी का स्वागत किया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद भी प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय का दौरा किया था और कर्मचारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।

 बीजेपी मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
बीजेपी मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

नई दिल्लीः  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और लोकसभा चुनाव में काम करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर केंद्र में सरकार बनाने के बाद पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के कर्मचारियों के साथ पीएम मोदी की यह पहली मुलाकात है। 

जेपी नड्डा ने किया पीएम मोदी का स्वागत

इससे पहले, पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के कर्मचारियों के साथ 'स्नेह मिलन' कार्यक्रम के मंच पर भी जेपी नड्डा ने पीएम मोदी का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी लगभग ढाई घंटे तक पार्टी मुख्यालय में रहे।

पीएम ने पुराने दिनों को किया याद

बताया जा रहा है कि, पार्टी कर्मचारियों के साथ संवाद के दौरान पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद किया। वह लंबे समय तक गुजरात से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में भी विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय टीम में काम करने के दौरान के अपने कई अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वे भी भाजपा कार्यालय में कई वर्षों तक रहे हैं और उन्ही की तरह पार्टी के लिए काम भी करते थे।

मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान सब कुछ छोड़कर लगातार तीन महीने तक बिना किसी छुट्टी काम करनेे के लिए सबको धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन से बढ़कर कुछ भी नहीं है। पार्टी के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ता इसके केंद्र में हैं। उन्होंने खास तौर से उन पुराने कर्मचारियों के साथ बातचीत की, जो उनके साथ केेंद्रीय कार्यालय में रहने के दौरान काम कर चुके हैं।

पीएम मोदी ने कही ये बात

प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी मुख्यालय के कर्मचारियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि हम सब एक परिवार हैं। पार्टी संगठन में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए पीएम मोदी ने यह भी बताया कि उस समय पार्टी को कितने कम संसाधनों में काम करना पड़ता था। उन्होंने उन दिनों का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि किस तरह से उस जमाने में अभाव के बीच भी काम हुआ करता था।

आपको याद दिला दें कि इससे पहले, अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यालय के कर्मचारियों के साथ संवाद किया था। उस समय उन्होंने केंद्रीय कार्यालय के कर्मचारियों को अपने आधिकारिक आवास, सात लोक कल्याण मार्ग पर आमंत्रित किया था।

इनपुट-आईएएनएस

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत