असम में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज है। चुनावी तैयारियां चरम पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी आज असम दौरे पर हैं। गोगामुख में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, पिछले एक दशक में असम में तेजी से विकास हुआ है। असम के लोग भाजपा-एनडीए गठबंधन पर अपना विश्वास फिर से जताने के लिए तैयार हैं। इस तरह से असम में इस बार बीजेपी की हैट्रिक लगनी तय है।
धेमाजी बोले पीएम मोदी-भाजपा की हैट्रिक तय है
धेमाजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। ये जो सामने जनसमुद्र है, युवाओं का ये उत्साह, बहनों-बेटियों का ये आशीर्वाद, ये प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है। पीएम मोदी ने कहा, "आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला। आप सबके आशीर्वाद से इस मैदान में भी हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है, मैं यहां तीसरी बार आया हूं। और आपके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है।"
पीएम मोदी ने कहा, "पहले सर्वानंद सोनोवाल जी का नेतृत्व और फिर हिमंता विश्व शर्मा जी की अगुवाई में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम के ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार भाजपा-NDA सरकार की हैट्रिक लगनी तय है। और कांग्रेस की पराजय की भी हैट्रिक होने वाली है... कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है।"
असम का संकल्प पत्र और मंगल लाने वाला है
पीएम ने कहा, "असम भाजपा ने कल एक शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। कल मंगलवार था, मंगलवार का जारी हुआ ये संकल्प पत्र असम में और मंगल लाने वाला है...ये मंगलवार को आया मंगल पत्र है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमारे बेटियों के साथ कोई धोखाधड़ी ना कर सके, बेटियों का मान-सम्मान और जीवन सुरक्षित रहे इसके लिए भी अनेक बड़ी घोषणाएं की गई है। असम में UCC लागू करना और हमारे आदिवासी समाज, छठी अनुसूची क्षेत्र की परंपराओं को सुरक्षित रखना या असम की पहचान बचाने के लिए बहुत बड़ी घोषणाएं हैं। भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है।"