1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PM मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर दिया बयान, बोले- 'फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन होगा', राहुल गांधी ने किया रिप्लाई

PM मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर दिया बयान, बोले- 'फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन होगा', राहुल गांधी ने किया रिप्लाई

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jul 23, 2026 09:16 am IST,  Updated : Jul 23, 2026 01:03 pm IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर पोस्ट किया है और कहा है कि पेपर लीक करने वालों को कठोर दंड देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन होगा। उन्होंने कहा है कि देश के युवाओं का हित और भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

PM MODI post on neet paper leak- India TV Hindi
पीएम मोदी ने पेपर लीक पर दिया बयान। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

दिल्ली के जंतर मंतर पर गुरुवार को भी प्रदर्शन जारी है। इससे पहले बुधवार को प्रदर्शन के दौरान हिंसा की खबरें भी सामने आई जिसमें कई पुलिसवाले घायल हुए हैं। दूसरी ओर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सुबह-सुबह पेपर लीक के मुद्दे पर बयान जारी किया है। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट कर के पेपर लीक के मामले में स्टूडेंट्स को डायरेक्ट मैसेज दिया है और बताया है कि सरकार इस मामले में कितनी संवेदनशील है। पीएम मोदी ने कहा है कि पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन होगा। उन्होंने कहा है कि देश के युवाओं का भविष्य हमारी प्राथमिकता है।

क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने कहा- "देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"

राहुल गाधी ने क्या कहा?

पीएम मोदी के पोस्ट पर जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा- "आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया। छात्रों की मांगें साफ हैं:

1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।

2. छात्रों से माफी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।"

छात्रों का सिस्टम से भरोसा उठा- प्रियंका गांधी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- "छात्रों का सिस्टम से भरोसा उठ गया है। आप अपने ट्वीट में कहते हैं कि आपको छात्रों पर भरोसा है, लेकिन फिर छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों किया जा रहा है? अब समय आ गया है कि सरकार लोगों की शिकायतों को सुने।"

अमित शाह ने भी इस मुद्दे पर दी प्रतिक्रिया

अमित शाह ने पीएम मोदी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र जी का यह महत्वपूर्ण कदम मील का पत्थर साबित होगा।'

सोनम ने दिया अनशन खत्म करने का संकेत

दूसरी ओर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन खत्म करने के संकेत दे दिए हैं। बता दें कि मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी। जानकारी के अनुसार, सरकार ने सोनम वांगचुक को भरोसा दिलाया है कि एजुकेशन सिस्टम में जरूरी बदलाव लाने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, सोनम ने अस्पताल से वीडियो जारी कर के कहा है कि सरकार अगर छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और मुकदमे वापस लेने का भरोसा दे तो वह अनशन खत्म कर सकते हैं।

संसद में भी चर्चा कराने की तैयारी 

दूसरी ओर सरकार ने संसद में भी इस मुद्दे पर चर्चा कराने की तैयारी कर ली है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में पेपर लीक पर चर्चा का भरोसा दिया है। उन्होंने विपक्ष को दिन और समय तय करने का हक दिया है। नड्डा ने इस दौरान राहुल गांधी पर सियासत का आरोप भी लगाया और कहा कि वह गैर-बीजेपी शासित राज्यों में पेपर लीक का ज़िक्र क्यों नहीं करते।

ये भी पढ़ें- जंतर मंतर के पास फिर हंगामा, प्रदर्शनकारियों की आड़ में गुंडों ने पुलिस पर किया अटैक, ACP विवेक भगत घायल

'आंदोलन का राजनीतिकरण ना हो, हिंसा से दुख हुआ', छात्रों के प्रदर्शन पर सलमान खान का पोस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत