1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. President Election Result: 2024 की तैयारियों में जुटे विपक्ष को लगा बड़ा झटका, राष्ट्रपति चुनाव में 'क्रॉस वोटिंग' से BJP उत्साहित

President Election Result: 2024 की तैयारियों में जुटे विपक्ष को लगा बड़ा झटका, राष्ट्रपति चुनाव में 'क्रॉस वोटिंग' से BJP उत्साहित

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 22, 2022 06:51 pm IST,  Updated : Jul 23, 2022 06:24 am IST

President Election Result: बिहार की अगर बात की जाए तो भाजपा यहां राजद में सेंधमारी करने में कामयाब रही है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को विपक्षी दलों के विधायकों का भी समर्थन मिला है। विपक्ष के कम से कम 8 विधायकों ने यशवंत सिन्हा के बजाय एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया।

BJP Workers- India TV Hindi
BJP Workers Image Source : INDIA TV

Highlights

  • बिहार, उत्तराखंड और झारखंड में जमकर हुई क्रॉस वोटिंग
  • द्रौपदी मुर्मू को 2824 वोट, यशवंत सिन्हा को 1877 वोट मिले
  • भाजपा विपक्षी दलों में सेंधमारी करने में कामयाब रही

President Election Result: एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आखिरकार राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत गई हैं। मतों की पेटी खुलने की शुरुआत से ही द्रौपदी मुर्मू आगे चल रही थीं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया। NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को 4809 वोटों में 2824 वोट मिले, जबकि यशवंत सिन्हा को 1877 वोट मिले। खास बात ये है कि द्रौपदी मुर्मू को NDA के अलावा अन्य दलों ने भी समर्थन दिया इतना ही नहीं कुछ सांसद और विधायक तो ऐसे हैं, जिन्होंने पार्टी लाइन से हटकर द्रौपदी मुर्मू को वोट किया। दरअसल, 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्ष एकजुट होने में लगा था लेकिन राष्ट्रपति चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग से विपक्ष को बड़ा झटका लगा है।

बिहार की अगर बात की जाए तो भाजपा यहां राजद में सेंधमारी करने में कामयाब रही है। बिहार में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग होने से भाजपा उत्साहित है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को विपक्षी दलों के विधायकों का भी समर्थन मिला है। भाजपा का दावा है कि विपक्ष के कम से कम 8 विधायकों ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बजाय एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया।

मुर्मू ने बिहार के लोगों को समर्थन देने के लिए आभार जताया

इस बीच, भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का दावा है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी विधायक लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के थे। द्रौपदी मुर्मू को बिहार में 133 वोट मिले। जायसवाल शुक्रवार को दिल्ली में द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुर्मू ने बिहार के लोगों को समर्थन देने के लिए आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को 133 वोट मिले जबकि एनडीए की क्षमता कम थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि विपक्ष के कई विधायक भी विरोधी नेताओं से खुश नही हैं इस कारण उन्होंने एनडीए का समर्थन किया। जायसवाल ने कहा कि राजद के आठ विधायकों ने अपने अंतर्रात्मा की आवाज सुनी और पार्टी लाइन से परे जाकर मुर्मू को वोट दिया। उन्होंने एनडीए का समर्थन देने वाले सभी सांसदों और विधायकों का आभार जताया।

'किसने क्या किया, इसकी तलाश की जाएगी'
इधर, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि किसने अंदर क्या किया, इसकी तलाश की जाएगी। उन्होंने कहा उसका पता तो चल हो जाएगा। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि राजद का कोई भी विधायक ऐसा नहीं कर सकता।

उत्तराखंड कांग्रेस से हुई क्रॉस वोटिंग, धामी का धन्यवाद, विपक्ष परेशान
वहीं, उत्तराखंड की अगर बात की जाए तो यहां पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस में सेंधमारी करने में कामयाब रहे हैं। दरअसल, रिजल्ट सामने आने के बाद ये पाया गया कि कांग्रेस के एक विधायक ने बीजेपी की उम्मीदवार मुर्मू को अपना वोट दिया है। अब कांग्रेस इस मंथन में जुटी हुई है कि आखिरकार उनका वो कौन विधायक है जो पाला बदलकर बीजेपी उम्मीदवार के लिए वोट कर रहा था। उत्तराखंड से विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को मात्र 15 विधायकों ने ही वोट किया जबकि कांग्रेस के 19 विधायक हैं। कांग्रेस के 19 विधायकों में से राजेंद्र भंडारी और तिलक राज बेहड़ वोटिंग से दूर रहे थे।

इस हिसाब से यशवंत सिंह को 17 वोट मिलने चाहिए थे, लेकिन उनके खाते में मात्र 15 वोट ही गए हैं। एक विधायक का वोट गलत तरीके से मतदान करने पर अमान्य हो गया। जिसके बाद 16 वोट कांग्रेस के विधायकों ने डाले थे। अब इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस काफी गहमागहमी बनी हुई है। वहीं, क्रॉस वोटिंग के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि विपक्ष भी अंतरात्मा की आवाज पर द्रौपदी मुर्मू को वोट दें। ऐसे में जिस भी नेता ने अंतरात्मा की आवाज सुनी है उसका धन्यवाद।

(IANS इनपुट्स)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत