1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा चुनाव: कांग्रेस की पहली लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं, साउथ पर रहा फुल फोकस

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस की पहली लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं, साउथ पर रहा फुल फोकस

 Published : Mar 08, 2024 08:54 pm IST,  Updated : Mar 08, 2024 11:48 pm IST

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें राहुल गांधी एक बार फिर से केरल की वायनाड सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं। वहीं इस लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है।

Priyanka gandhi- India TV Hindi
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चुनाव सड़ने पर सस्पेंस जारी Image Source : PTI

आज कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने 39 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में राहुल गांधी का नाम तो है, लेकिन वह अमेठी से नहीं केरल के वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की पहली लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है। कांग्रेस ने इस बार अपनी पहली लिस्ट में पूरा फोकस साउथ पर ही रखा है। कांग्रेस की लिस्ट से नॉर्थ की सीटें गायब हैं। यूपी, बिहार और महाराष्ट्र भी नहीं है। पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़ और दक्षिण के राज्यों पर ही फोकस रहा है। राहुल गांधी के अलावा इस लिस्ट में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।

प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर सस्पेंस जारी

कांग्रेस की पहली लिस्ट में सबसे ऊपर राहुल गांधी का नाम तो फाइनल हो गया लेकिन बहन प्रियंका गांधी का नाम कहीं नहीं दिखा। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। रायबरेली सीट गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। हालांकि कांग्रेस की आज जारी की गई लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है। लिहाजा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लोकसभा चुनाव लड़ने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अब सोनिया गांधी के राज्यसभा में जाने के बाद रायबरेली सीट खाली हो गई है। लेकिन प्रियंका गांधी की रायबरेली से दावेदारी को लेकर कांग्रेस ने अभी तक सस्पेंस बनाया हुआ है। 

शशि थरूर और वेणुगोपाल की सीट भी घोषित

तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर चुनाव लड़ेंगे। कर्नाटक के हासन से श्रेयस पटेल और बेंगलुरु ग्रामीण से डीके सुरेश को टिकट दिया गया है। इस लिस्ट के मुताबिक, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल केरल की अलप्पुझा और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की राजनांदगाव सीट से चुनाव लड़ेंगे। कोरबा से ज्योत्सना महंत, छत्तीसगढ़ के दुर्ग से राजेंद्र साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ से जांजगीर से शिवकुमार डहारिया, रायपुर से विकास उपाध्याय और छत्तीसगढ़ के महासंमद से ताम्रध्वज साहू को चुनावी मैदान में उतारा जा रहा है।

पहली लिस्ट में का जातीय समीकरण

गौरतलब है कि कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को छत्तीसगढ़, केरल और कई अन्य राज्यों में करीब 40 सीट के लिये उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई थी। कांग्रेस की इस लिस्ट से कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत