1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बेंगलुरु की विशेष अदालत में शुक्रवार को पेश होंगे राहुल गांधी, जानें क्या है मामला

बेंगलुरु की विशेष अदालत में शुक्रवार को पेश होंगे राहुल गांधी, जानें क्या है मामला

 Published : Jun 06, 2024 10:12 pm IST,  Updated : Jun 06, 2024 11:53 pm IST

राहुल गांधी कल बेंगलुरु की एक अदालत में मानहानि के मामले में पेश होंगे। हालांकि अदालत ने इस मामले में एक जून को सिद्धरमैया तथा शिवकुमार को जमानत दे दी थी।

Rahul gandhi, congress- India TV Hindi
राहुल गांधी, कांग्रेस नेता Image Source : PTI

बेंगलुरु: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जहां लोकसभा चुनाव के परिणामों से बेहद खुश नजर आ रहे हैं वहीं उनकी मुश्किलें भी बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। भाजपा की कर्नाटक ईकाई द्वारा दायर मानहानि के मामले में शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष पेश होंगे। भाजपा की कर्नाटक इकाई ने कांग्रेस पर समाचार पत्रों में कथित रूप से झूठे विज्ञापन जारी करने का आरोप लगाया था। पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले विज्ञापन में राज्य की तत्कालीन भाजपा सरकार पर 2019-2023 के शासनकाल के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था। 

सुबह साढ़े दस बजे होगी पेश

कांग्रेस की राज्य इकाई ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘कांग्रेस के नेता राहुल गांधी शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे शहर दीवानी न्यायालय में पेश होंगे।’ पार्टी की राज्य इकाई ने बताया कि इसके बाद वह साढ़े 11 बजे क्वींस रोड स्थित भारत जोड़ो भवन में राज्य से कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसदों के साथ चर्चा करेंगे। इसने बताया कि इस मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के.शिवकुमार भी मौजूद रहेंगे। अदालत ने इस मामले में एक जून को सिद्धरमैया तथा शिवकुमार को जमानत दे दी थी। 

भाजपा ने दर्ज कराया था मानहानि का केस

इस मामले में राहुल गांधी को सात जून को अदालत में पेश होने को कहा गया था। भाजपा ने यह आरोप लगाते हुए मानहानि का मामला दर्ज कराया था कि इन कांग्रेस नेताओं ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे विज्ञापन दिये। भाजपा ने अपनी शिकायत में कहा था कि सभी लोक निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने पिछली सरकार के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार रेट कार्ड’ भी प्रकाशित किया था। शिकायतकर्ता ने कांग्रेस पार्टी पर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के खिलाफ बदनाम करने वाला अभियान चलाने का आरोप लगाया था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने अकाउंट पर यह ‘‘अपमानजनक विज्ञापन’’ पोस्ट किया था। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत