1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'कमजोर' कांग्रेस की बढ़ी टेंशन! राज्‍यसभा में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एक भी सदस्य नहीं

'कमजोर' कांग्रेस की बढ़ी टेंशन! राज्‍यसभा में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एक भी सदस्य नहीं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 04, 2022 11:42 am IST,  Updated : Apr 04, 2022 11:43 am IST

हाल के विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद अब राज्यसभा में भी कांग्रेस के लिए संकट की स्थिति खड़ी हो गई है। पार्टी के लिए बुरी खबर ये है कि आने वाले राज्य सभा चुनाव के बाद संसद के ऊपरी सदन में उसके नंबर्स और कम हो जाएंगे।

Sonia Gandhi and Rahul Gandhi- India TV Hindi
Sonia Gandhi and Rahul Gandhi Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • राज्‍य सभा में पहली बार सबसे 'कमजोर' हुई कांग्रेस
  • राज्यसभा में कांग्रेस का सिमट रहा दायरा
  • अब 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से राज्यसभा में कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नहीं रह जाएगा

नई दिल्ली। देश में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस (Congress) लगातार कमजोर होता जा रहा है। हाल के विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद अब राज्यसभा में भी कांग्रेस के लिए संकट की स्थिति खड़ी हो गई है। कांग्रेस इस वक्त सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है। कांग्रेस का राज्य सभा (Congress in Rajya Sabha) में भी दायरा सिमटता जा रहा है। जहां एक तरफ राज्यसभा में BJP सदस्यों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है वहीं अब 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से राज्यसभा में कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नहीं रह जाएगा।

जून-जुलाई में 9 सदस्य होंगे रिटायर

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद ऊपरी सदन में कांग्रेस के नंबर्स और कम हो जाएंगे। बता दें कि, पिछले महीने यानी मार्च के आखिरी में राज्यसभा में कांग्रेस के 33 सांसद थे। अब तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि राज्यसभा में कांग्रेस के इतने कम सांसद रहे हों। एके एंटनी समेत 4 सदस्य रिटायर हो चुके हैं। वहीं जून और जुलाई में 9 और सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। रिटायर होने वालों में पी चिदंबरम, अंबिका सोनी, जयराम रमेश और कपिल सिब्बल भी शामिल हैं। 

कांग्रेस को DMK से ये उम्मीद  

जानकारों का कहना है कि चुनाव के बाद राज्य सभा में कांग्रेस की संख्या ज्यादा से ज्यादा 30 सदस्यों की रह जाएगी। अब तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि उच्च सदन में कांग्रेस के इतने कम सांसद रहे हों। कांग्रेस को उम्मीद है कि तमिलनाडु में 6 सीटों में से डीएमके एक सीट दे देगी। इसके बाद उसकी राज्यसभा में संख्या 31 हो जाएगी। हालांकि, पार्टी का उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, दिल्ली और गोवा से कोई भी सांसद नहीं रहेगा। 

इन राज्यों में कांग्रेस को नहीं मिलेंगी राज्यसभी सीटें

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांग्रेस को बड़ा नुकसान होने वाला है। चुनाव के बाद कई बड़े राज्यों से भी कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नहीं रहेंगे। पंजाब की सत्ता हाथ से जाने से भी कांग्रेस को बड़ा नुकसान हुआ है। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्क्मि, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। इसी तरह कांग्रेस का हरियाणा, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा से लोकसभा में भी कोई प्रतिनिधि नहीं है।

जानिए लोकसभा में कांग्रेस का हाल

कांग्रेस के कुल 53 लोकसभा सदस्यों में से 28 दक्षिण भारत से हैं। केरल से 15, तमिलनाडु से 8, तेलंगाना से 3, कर्नाटक और पुडुचेरी से 1-1 हैं। उत्तर भारत में केवल पंजाब से पार्टी के पास 8 सांसद हैं। कांग्रेस के पास असम से 3 और छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से 2-2 सांसद हैं। कई राज्यों में कांग्रेस के पास सिर्फ 1 सांसद हैं। इन राज्यों में यूपी, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, गोवा और मेघालय हैं।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत