1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हिंदू देवी-देवताओं पर रेवंत रेड्डी की टिप्पणी को लेकर बवाल, बीजेपी ने कहा- पूरे राज्य में प्रदर्शन करेंगे

हिंदू देवी-देवताओं पर रेवंत रेड्डी की टिप्पणी को लेकर बवाल, बीजेपी ने कहा- पूरे राज्य में प्रदर्शन करेंगे

 Reported By: Surekha Abburi, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 02, 2025 07:56 pm IST,  Updated : Dec 02, 2025 08:38 pm IST

तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ने हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तीन करोड़ देवताओं पर भी लोग एकमत नहीं हैं, तो पार्टी में सहमति कैसे होगी। इस बयान पर टी. राजा सिंह और बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की।

Revanth Reddy, Revanth Reddy Hindu Gods remarks, Telangana CM controversy- India TV Hindi
तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी। Image Source : PTI

हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी एकता पर बात करते हुए हिंदू देवी-देवताओं को लेकर ऐसा बयान दे दिया कि विवाद खड़ा हो गया है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि हिंदू धर्म में 3 करोड़ देवी-देवता हैं और लोग अपने देवताओं को लेकर भी एकमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोई अयप्पा स्वामी की पूजा करता है तो कोई शिव की, और ये सब हम देख ही रहे हैं। गोशामहल से विधायक और बीजेपी से निलंबित नेता टी. राजा सिंह ने रेवंत रेड्डी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

'...तो पार्टी में इतने लोग कैसे सहमत हो सकते हैं?'

बुधवार को गांधी भवन में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बड़ी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता TPPC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने की। इस मौके पर AICC प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, AICC सचिव विश्वनाथन और सचिन सावंत, कई मंत्री, नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्ष भी मौजूद थे। बैठक में पार्टी के अंदर आम सहमति की कमी पर बोलते हुए सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा, 'अगर देवताओं पर हमारी आम सहमति नहीं है, तो पार्टी में इतने लोग कैसे सहमत हो सकते हैं?'

'जिसने शादी नहीं की, उसके लिए हनुमान हैं'

रेवंत रेड्डी ने आगे कहा, 'हिंदू धर्म में कितने देवी-देवता हैं? तीन करोड़ हैं न? क्यों? जिसने शादी नहीं की, उसके लिए हनुमान हैं। दो शादी करने वालों के लिए एक और देवता, शराब पीने वालों के लिए एक देवता। एल्लम्मा, पोषम्मा, दाल-चावल खाने वालों के लिए एक देवता। इस तरह देवताओं के बारे में भी कोई एकमत नहीं है। कोई कहता है मैं भगवान बालाजी की भक्ति करूंगा, कोई कहता है मैं हनुमान की पूजा करूंगा, कोई कहता है नहीं मैं अयप्पा स्वामी की दीक्षा लूंगा, कोई कहता है मैं शिव आराधना करूंगा। ये सब हम देख रहे हैं न।'

पूरे राज्य में प्रदर्शन करने वाली है बीजेपी

रेवंत रेड्डी का यह बयान जैसे ही बाहर आया बीजेपी से निलंबित नेता टी. राजा सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे  कि यह हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करार दिया। वहीं, तेलंगाना बीजेपी ने भी रेड्डी के बयान को लेकर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। कांग्रेस की तरफ से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है। फिलहाल रेवंत रेड्डी के इस बयान को लेकर तेलंगाना की सियासत में नया बवाल शुरू हो चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत