1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शशि थरूर को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, कहा-मैं बहुत आभारी हूं

शशि थरूर को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, कहा-मैं बहुत आभारी हूं

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 21, 2024 08:23 am IST,  Updated : Feb 21, 2024 08:23 am IST

कांग्रेस सांसद शशि थरूर को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसकी घोषणा अगस्त 2022 में हुई थी लेकिन उन्हें मंगलवार को यह सम्मान दिया गया

Shashi Tharoor, Conbgress- India TV Hindi
शशि थरूर, सांसद, कांग्रेस Image Source : ANI

नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व राजनयिक शशि थरूर को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'शेवेलियर डी ला लीजन डी'होनूर' से सम्मानित किया गया है। थरूर को फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर ने एक कार्यक्रम में इस सम्मान से सम्मानित किया। फ्रांस सरकार ने अगस्त 2022 में थरूर को यह पुरस्कार देने का ऐलान किया था लेकिन उन्हें यह पुरस्कार मंगलवार को दिया गया। थरूर ने इस सम्मान के लिए फ्रांस का आभार जताया है।

Related Stories

प्रतिभा और व्यक्तित्व की तारीफ

भारत में फ्रांसिसी दूतावास ने एक बयान में कहा कि भारत-फ्रांस के संबंधों को गहराई देने, अंतरराष्ट्रीय शांति और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता और लंबे समय से फ्रांस के मित्र के रूप में शशि थरूर के अथक प्रयासों के चलते उन्हें यह सम्मान दिया गया है। इस बयान में शशि थरूर की प्रतिभा और उनके व्यक्तित्व की तारीफ की गई। बयान के मुताबिक चाहे वह संयुक्त राष्ट्र में एक राजनयिक के रूप में रहे हों या फिर भारत में एक राजनेता के तौर पर या फिर एक लेखक के तौर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य किया है।

थरूर ने सम्मान के लिए जताया आभार

शशि थरूर ने इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद आभार जताया। उन्होंने कहा, फ्रांस के लोगों, उनकी भाषा और उनकी संस्कृति और खास तौर पर उनके साहित्य और सिनेमा की तारीफ करनेवाले व्यक्ति के रूप में मैं आपके देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर आभारी हूं।

संयुक्त राष्ट्र में कई पदों पर कार्य किया

थरूर ने विदेश राज्य मंत्री और मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री का भी कार्यभार संभाला है। उन्होंने विदेश मामलों, संचार और सूचना प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख संसदीय स्थायी समितियों में भी कार्य किया है। थरूर ने फिक्शन और नॉन-फिक्शन, कई किताबें लिखी हैं, जिनमें से कुछ का फ्रेंच में अनुवाद किया गया है। राजनयिक से राजनेता बने थरूर ने संयुक्त राष्ट्र में कई पदों पर कार्य किया। उन्हें संचार और विशेष परियोजनाओं का निदेशक और महासचिव कोफी अन्नान का कार्यकारी सहायक भी नियुक्त किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत