Parliament monsoon session: संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार (28 जुलाई) को पहलगाम हमले और 'ऑपरेशन सिंदूर' पर तीखी बहस हुई। पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने 16 घंटे तक इस विषय पर चर्चा की। पहले सप्ताह के व्यवधान के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष आमने-सामने थे। भारत की सैन्य कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू की गई थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन को बताया कि ऑपरेशन सिंदूर जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान के ऊपर दोबारा स्ट्राइक भी की जाएगी। वहीं, विपक्ष के नेता गौरव गोगोई ने पूछा कि आतंकी पहलगाम तक कैसे पहुंचे और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को कितने विमानों का नुकसान हुआ। बहस के दौरान बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि ऑपरेशन महादेव में मारे गए आतंकियों में से एक पहलगाम हमले में शामिल था।
- Hindi News
- भारत
- राजनीति
- 'पाकिस्तान से ट्रेड नहीं, पानी नहीं फिर क्रिकेट मैच क्यों?', संसद में बोले असदुद्दीन ओवैसी
'पाकिस्तान से ट्रेड नहीं, पानी नहीं फिर क्रिकेट मैच क्यों?', संसद में बोले असदुद्दीन ओवैसी
Parliament monsoon session: संसद के मानसून सत्र के छठे दिन ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने 16 घंटे तक चर्चा की। इस दौरान विपक्ष के नेताओं ने कई सवाल खड़े किए, जिनका सवाल सत्ता में शामिल नेताओं ने दिया।
Parliament monsoon session
-
9:56 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तान से क्रिकेट मैच क्यों?
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि जब भारत ने पाकिस्तान को जाने वाला 80 फीसदी पानी रोक दिया है। दोनों देशों के बीच कोई ट्रेड नहीं होता है। पाकिस्तान का विमान भारतीय एयरस्पेस में नहीं उड़ सकता है फिर दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच क्यों खेला जा रहा है। उन्होंने कहा "मेरा जमीर जवाब नहीं देगा, उस मैच को देखने के लिए। क्या सरकार के नेता लोगों से बोलेंगे कि हमने पहलगाम हमले का बदला ले लिया है और अब जाकर पाकिस्तान के साथ मैच देखो।"
-
9:46 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तान आतंकवाद करेगा, हमें तैयार रहना होगा- ओवैसी
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा से आतंकवाद फैलाता रहा है और आगे भी फैलाता रहेगा। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि चीन के साथ भारत को बातचीत खत्म करनी चाहिए और सख्ती के साथ अपना स्टैंड रखना चाहिए। इस बीच विपक्ष के अन्य नेताओं ने भी अपनी बात रखी। केरल से कांग्रेस सांसद फ्रांसिस जॉर्ज ने कहा कि 22 अप्रैल को पांच आतंकी हाई सिक्योरिटी जोन में घुस गए और 20 मिनट तक निहत्थे पर्यटकों पर हमला करते रहे। इसके लिए कौन जिम्मेदार है और यह चूक कैसे हुई। सरकार को यह बताना चाहिए।
-
8:17 PM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर अधूरा है- सुप्रिया सुले
एनसीपी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि जब तक पहलगाम हमले के आतंकी पकड़े नहीं जाते, तब तक ऑपरेशन सिंदूर अधूरा है। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष के नेता एक दूसरे पर आरोप लगाते रहेंगे, लेकिन जिन लोगों ने आतंकी हमले में जान गंवाई थी, उनके परिवारों को न्याय तभी मिलेगा, जब आतंकी पकड़े जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सीजफायर की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह भी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं, जिसे विदेश भेजा गया था। इस दौरान विदेश में सभी ने आतंकी हमले की निंदा की। यह हमेशा होता है, लेकिन किसी ने भी भारत की कार्रवाई की चर्चा नहीं की। सभी ने भारत के सीजफायर करने के फैसले की सराहना की।
-
7:29 PM (IST) Jul 28, 2025
यह लड़ाई पुराने युद्धों से अलग थी- तेजस्वी सूर्या
बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुई लड़ाई पुराने युद्धों से अलग थी। इस बार सिर्फ सैनिक नहीं लड़ रहे थे। विदेशों से सप्लाई होने वाले ड्रोन, फेक न्यूज और एजेंडा का इसमें अहम रोल था। इस दौरान भारत ने चीनी मिसाइलों को रोका और चीन में बने डिफेंस सिस्टम को तबाह करने में भी सफल रहा। भारत की कूटनीतिक सफलता के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि कोलंबिया ने पहले पाकिस्तान के समर्थन में बयान दिया था, लेकिन शशि थरूर की अगुआई में भारतीय सांसद वहां पहुंचे और पूरे मामले से उन्हें रूबरू कराया। इसके बाद कोलंबिया ने अपना पुराना बयान वापस लिया और भारत के पक्ष में बयान जारी किया।
-
7:03 PM (IST) Jul 28, 2025
विदेश मंत्री एस जयशंकर के जवाब
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विपक्षी नेताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा से ही आईएमएफ से लोन लेता रहा है। 2008 और 2013 में भी पाकिस्तान को आईएमएफ से लगभग 15 बिलियन डॉलर का लोन मिला था। वहीं, इस बार पाकिस्तान को मिले लोन की मात्रा कम है। पीएम मोदी के कार्यकाल में ही पाकिस्तान ग्रे लिस्ट में रहा है। उन्होंने चीन के विषय पर कहा कि यूपीए सरकार के समय चीन को भारत का रणनीतिक साझेदार बनाया गया था। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं का जो स्टैंड विपक्ष में रहते हुए चीन को लेकर है। वह सत्ता में रहते हुए नहीं था।
-
5:56 PM (IST) Jul 28, 2025
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विदेश नीति पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने देश की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि 11 साल में पीएम मोदी, विदेश मंत्री और अन्य अधिकारी घूमते रहे, लेकिन इसकी हकीकत ऑपरेशन सिंदूर के बाद सामने आई। उन्होंने कहा कि अगर भारत को अपने सांसदों का प्रतिनिधि मंडल भेजना पड़ा तो विदेश नीति फेल ही रही। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कई संस्थाओं ने पाकिस्तान की मदद की। अमेरिका जैसे देशों ने भारत-पाकिस्तान को एक तराजू में तौल दिया। एक देश आतंकवाद को खत्म करने में तुला है और दूसरा आतंकियों को पनाह देता है। दोनों को साथ नहीं तौला जा सकता।
-
5:45 PM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन महादेव में पहलगाम का आतंकी ढेर
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि जब हम सदन में बैठकर ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा कर रहे हैं। इसी समय जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन महादेव जारी है। इस ऑपरेशन में तीन आतंकी मारे गए हैं। इनमें से एक पहलगाम आतंकी हमले में शामिल था।
-
5:22 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तानी वायुसेना की 20 फीसदी संपत्तियां नष्ट कीं
बीजेपी सांसद बैजयंत पांड्या ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने पहली बार एक न्यूक्लियर देश के 11 एयरबेस पर हमला किया और पाकिस्तानी वायुसेना की 20 फीसदी संपत्तियां नष्ट कर दीं। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। इनमें से अधिकतर बड़े आतंकी थे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 2013 से पहले भी पाकिस्तानी आतंकी हमले करते थे, लेकिन सरकार कोई बड़ा एक्शन नहीं लेती थी।
-
5:14 PM (IST) Jul 28, 2025
एनसीपी शरद पवार सांसद अमर काले ने विदेश नीति पर उठाए सवाल
एनसीपी शरद गुट सांसद अमर काले ने भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी अमेरिका के नौ और चीन के पांच दौरे कर चुके हैं। इसके बावजूद चीन ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का साथ दिया। अमेरिका ने ऑपरेशन सिंदूर खत्म होते ही पाकिस्तान की मदद की। ऐसे में भारतीय विदेश नीति फेल होती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि ताज हमले के समय अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था और उसके जरिए हमले का पाकिस्तानी कनेक्शन साबित हुआ। पहलगाम हमले को तीन महीने बीच चुके हैं, लेकिन पांच आतंकी अब तक नहीं पकड़े गए हैं। सीजफायर के विषय पर उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध रोकने को कहा था, लेकिन उन्होंने सरेंडर नहीं किया और बांग्लादेश का निर्माण हुआ।
-
5:04 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच बंद करें
शिवसेना यूबीटी सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए। जो पाकिस्तान आतंकी भेजकर हमारे देश में हमले करवाता है और निर्दोष लोगों को जान गंवानी पड़ती है। ऐसे देश के साथ भारत को किसी भी सूरत में क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए।
-
5:00 PM (IST) Jul 28, 2025
शिवसेना सांसद ने पूछा- पाकिस्तान से बिना शर्त समझौता क्यों किया?
शिवसेना उद्धव गुट के सांसद अरविंद सावंत ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान पूछा कि हवाई संघर्ष के दौरान जब पाकिस्तान गिड़गिड़ा रहा था, तब भारत ने बिना किसी शर्त के सीजफायर कैसे कर लिया। भारत को पाकिस्तान पर कई तरह की शर्तें और प्रतिबंध लगाने चाहिए थे, लेकिन भारत ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार कहते रहे हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाया, लेकिन भारत की तरफ से किसी ने नहीं कहा कि अमेरीकी राष्ट्रपति झूठ बोल रहे हैं।
-
4:35 PM (IST) Jul 28, 2025
गौरव गोगोई को ललन सिंह का जवाब
जेडीयू सांसद राजीव रंजन सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान गौरव गोगोई के सवालो पर जवाब देते हुए कहा कि पहलगाम हमले के दौरान पीएम मोदी सऊदी अरब के दौरे पर थे। हमले की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया और देश वापस आ गए। वह पहलगाम नहीं गए, क्योंकि उन्हें एक्ट करना था। जिन लोगों को दिखावा करना था, वो पहलगाम गए। पीएम मोदी ने सेना को खुली छूट देते हुए कहा कि आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने का तरीका और समय सेना तय करेगी।
-
3:57 PM (IST) Jul 28, 2025
गौरव गोगोई ने पूछा कहां हैं पहलगाम के आतंकी
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने विपक्ष की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर पर सबसे पहले अपनी बात रखी। उन्होंने पूछा कि ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन बाद भी सरकार 5 आतंकियों को नहीं पकड़ पाई है। सरकार के पास ड्रोन हैं, पेगासस हैं, सैटेलाइट हैं, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ हैं और रक्षा मंत्री कुछ दिन पहले वहां गए थे, लेकिन फिर भी आप उन्हें पकड़ नहीं पाए हैं।
-
3:24 PM (IST) Jul 28, 2025
पहलगाम में आतंकी कैसे आए, रक्षा मंत्री ने नहीं बताया- गौरव गोगोई
ऑपरेशन सिंदूर पर बहस में बोलते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा "राजनाथ सिंह जी ने बहुत सारी जानकारी दी, लेकिन रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने कभी यह उल्लेख नहीं किया कि कैसे पाकिस्तान से आतंकवादी पहलगाम पहुंचे और 26 लोगों को मार डाला। राष्ट्र के हित में ये सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है।"
-
3:00 PM (IST) Jul 28, 2025
भारत चुप नहीं बैठेगा: राजनाथ सिंह
ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर हमारे सामर्थ्य का प्रतीक था जिसमें हमने दिखाया कि अगर कोई हमारे नागरिकों को मारेगा तो भारत चुप नहीं बैठेगा। हमारा राजनैतिक तंत्र और नेतृत्व बिना किसी दबाव के काम करेगा। हमारी मिसाइलें भौतिक सीमाओं को पार करेंगी, वीर सैनिक दुश्मन की कमर तोड़ देंगे। हम आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप को समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"
-
2:59 PM (IST) Jul 28, 2025
बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते: राजनाथ सिंह
ऑपरेशन सिंदूर पर राजनाथ सिंह ने कहा, "हमारी सरकार ने भी पाकिस्तान के साथ शांति स्थापित करने के लिए कई प्रयास किए हैं। लेकिन बाद में, 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से, हमने शांति स्थापित करने के लिए एक अलग रास्ता अपनाया है। नरेंद्र मोदी सरकार का रुख स्पष्ट है - बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते।"
-
2:58 PM (IST) Jul 28, 2025
सफल रहा ऑपरेशन सिंदूर: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा, "कभी-कभी हमारे प्रतिपक्ष के लोग यह पूछते रहे हैं कि हमारे कितने विमान गए? मुझे लगता है कि उनका यह प्रश्न हमारी राष्ट्रीय जनभावनाओं का सही से प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा है। उन्होंने एक बार भी हमसे यह नहीं पूछा कि हमारी सेनाओं ने दुश्मन के कितने विमान मार गिराए? यदि उन्हें प्रश्न पूछना ही है तो उनका प्रश्न यह होना चाहिए कि क्या भारत ने आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया तो उसका उत्तर है, हां। मैं विपक्ष के साथियों से कहना चाहता हूं कि आपको यदि प्रश्न पूछना है तो यह प्रश्न पूछिए कि क्या ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा तो उसका उत्तर है, हां।"
-
2:48 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तान के DGMO ने भारत के DGMO को किया फोन: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "ऑपरेशन केवल रोका गया है समाप्त नहीं किया गया। अगर पाकिस्तान की ओर से भविष्य में कोई भी दुस्साहस हुआ तो यह ऑपरेशन दोबारा प्रारंभ होगा। 10 मई को पाकिस्तान के DGMO ने भारत के DGMO से संपर्क किया और भारत से सैन्य कार्रवाई को रोकने की अपील की। 12 मई को दोनों देशों के DGMO के बीच औपचारिक संवाद हुआ और दोनों पक्षों ने सैन्य कार्रवाई पर विराम लगाने का निर्णय लिया।"
-
2:38 PM (IST) Jul 28, 2025
पाकिस्तान ने की युद्ध रोकने की बात: राजनाथ सिंह
लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "इस ऑपरेशन का उद्देश्य कोई युद्ध छेड़ना नहीं था। 10 मई की सुबह, जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई हवाई क्षेत्रों पर करारा प्रहार किया, तो पाकिस्तान ने हार मान ली और शत्रुता रोकने की कोशिश की। हमारे DGMO से बात की कि इसे रोक दीजिए।"
-
2:30 PM (IST) Jul 28, 2025
किसी ठिकाने को हिट नहीं कर पाया पाकिस्तान: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा, "हमारी कार्रवाई पूरी तरह से आत्मरक्षा में थी, न तो उकसावे वाली थी और न ही विस्तारवादी। फिर भी, 10 मई, 2025 को लगभग 1:30 बजे तक, पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर भारत के ऊपर मिसाइलों, ड्रोन्स, रॉकेट्स और अन्य लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करके बड़े पैमाने पर हमला किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वॉर फेयर से जुड़ी तकनीक का भी सहारा लिया। उनके निशाने पर हमारे भारतीय सेना के अड्डे, थल सेना के एग्रेशन डीपो, हवाई अड्डे और मिलिट्री कैंप थे। यह कहते हुए मुझे गौरव की अनुभूति हो रही है कि हमारे यहां डिफेंस सिस्टम, काउंटर ड्रोन सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट ने पाकिस्तान के इस हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया। पाकिस्तान हमारे किसी भी टारगेट को हिट नहीं कर पाया। हमारी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी और हर हमले को हमारे द्वारा रोका गया। मैं इसके लिए भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों की जमकर सराहना करता हूं, जिन्होंने दुश्मन के मंसूबों पर पानी फेर दिया।"
-
2:30 PM (IST) Jul 28, 2025
किसी ठिकाने को हिट नहीं कर पाया पाकिस्तान: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा, "हमारी कार्रवाई पूरी तरह से आत्मरक्षा में थी, न तो उकसावे वाली थी और न ही विस्तारवादी। फिर भी, 10 मई, 2025 को लगभग 1:30 बजे तक, पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर भारत के ऊपर मिसाइलों, ड्रोन्स, रॉकेट्स और अन्य लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करके बड़े पैमाने पर हमला किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वॉर फेयर से जुड़ी तकनीक का भी सहारा लिया। उनके निशाने पर हमारे भारतीय सेना के अड्डे, थल सेना के एग्रेशन डीपो, हवाई अड्डे और मिलिट्री कैंप थे। यह कहते हुए मुझे गौरव की अनुभूति हो रही है कि हमारे यहां डिफेंस सिस्टम, काउंटर ड्रोन सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट ने पाकिस्तान के इस हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया। पाकिस्तान हमारे किसी भी टारगेट को हिट नहीं कर पाया। हमारी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी और हर हमले को हमारे द्वारा रोका गया। मैं इसके लिए भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों की जमकर सराहना करता हूं, जिन्होंने दुश्मन के मंसूबों पर पानी फेर दिया।"
-
2:29 PM (IST) Jul 28, 2025
किसी दबाव में नहीं रोका गया संघर्ष: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "भारत ने कार्रवाई इसलिए रोकी क्योंकि संघर्ष के पहले और उसके दौरान जो भी राजनीतिक और सैन्य लक्ष्य तय किए गए थे उसे हम पूरी तरह से हासिल कर चुके थे। इसलिए यह कहना कि ऑपरेशन किसी दबाव में रोका गया था यह बेबुनियाद और सरासर गलत है।"
-
2:23 PM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए 100 से अधिक आतंकी: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने से पहले, हमारी सेनाओं ने हर पहलू का गहराई से अध्ययन किया। हमारे पास कई विकल्प थे लेकिन हमने वह विकल्प चुना जिससे आतंकवादियों को अधिकतम नुकसान हो और जिसमें पाकिस्तान के आम नागरिकों को कोई नुकसान न हो। हमारी सेनाओं द्वारा किए गए समन्वित हमलों ने 9 आतंकवादी बुनियादी ढांचे के ठिकानों को सटीकता से निशाना बनाया। एक अनुमान के अनुसार, इस सैन्य कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी, उनके प्रशिक्षक, उनके आका मारे गए, जिनमें से अधिकांश जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से जुड़े थे।"
-
2:17 PM (IST) Jul 28, 2025
22 अप्रैल को कायराना आतंकी हमला हुआ: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "22 अप्रेल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में एक अमानवीय और कायराना आतंकी हमला हुआ। इस हमले में हमारे 25 निर्दोष नागरिकों सहित एक नेपाली नागरिक की जान गई थी। उन निर्दोष लोगों की जान उनका धर्म पूछकर लिया गया। यह अपने आप में अमानवीयता का सबसे घृणित उदाहरण था। ये घटना भारत की सहन शक्ति की सीमा थी। इस हमले के तुरंत बाद हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और उन्हें छूठ दी गई कि वे अपने विवेक, रणनीतिक समझ और क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए निर्णायक कार्रवाई करें।"
-
2:13 PM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति का प्रदर्शन: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा, "6 और 7 मई 2025 को भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के नाम से एक ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया। यह केवल सैन्य कार्रवाई नहीं थी बल्कि यह भारत की संप्रभुता, उसकी अस्मिता, देश के नागरिकों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति का एक प्रभावी और निर्णायक प्रदर्शन था।"
-
2:12 PM (IST) Jul 28, 2025
राजनाथ सिंह ने सेना के जवानों को किया नमन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा, "मैं देश के उन वीर सपूतों, बहादुर सैनिकों को नमन करता हूं जो राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के लिए बलिदान देने से कभी पीछे नहीं हटे। मैं उन सैनिकों की स्मृति को भी नमन करता हूं जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। मैं पूरे देश की तरफ से सभी जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।"
-
2:10 PM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री ने दी जानकारी
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शूरू हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नेकहा कि पहलगाम में कायराना आतंकी हमला हुआ। इसके जवाब में सेना ने ऑपरेशन सिंदूर किया। ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। 7 मई 2025 को रात 1 बजकर 5 मिनट पर ऑपरेशन शुरू हुआ, जिसमें 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
-
2:03 PM (IST) Jul 28, 2025
लोकसभा की कार्यवाही शुरू
दो बार लोकसभा की कार्रवाई स्थगित होने के बाद एक बार फिर से कार्यवाही को शुरू कर दिया गया है। लोकसभा में किरेन रिजिजू ने बोलना शुरू किया है।
-
1:53 PM (IST) Jul 28, 2025
सरकार नहीं चाहती ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा: गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "ऐसा लगता है कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं चाहती। हमें बोलने नहीं दिया जा रहा और फिर हम पर आरोप लगाए जा रहे हैं। हम ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में हिस्सा लेना चाहते हैं, लेकिन आपने देखा कि किसी विपक्षी सदस्य ने तख्तियां नहीं उठाईं और न ही सदन के वेल में प्रवेश किया। इसके बाद भी सदन स्थगित कर दिया गया। इसे शुरू होने दीजिए, हम तैयार हैं।"
-
1:30 PM (IST) Jul 28, 2025
पीयूष गोयल ने विपक्ष पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आज लोकसभा में विपक्ष का जो रवैया रहा वह स्पष्ट इस निष्कर्ष को साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी और उनके मित्र विपक्षी दल, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर और हमारे जवानों और सेना बलों ने जो भारत का गौरव बढ़ाया उस पर चर्चा करने से भाग रहे हैं। यह निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है और नकारात्मक मानसिकता का एक प्रमाण है। वे (विपक्ष) देश और देश की जनता की भावनाओं के साथ नहीं खड़े हैं। आज बहुत महत्वपूर्ण बहस थी, अंतिम समय पर राहुल गांधी भी सदन में नहीं आए। उनके लोग तितर-बितर थे। विपक्ष ने सदन को चलाने नहीं दिया, विपक्ष अभी तक देश के सेना बलों की वीरता के ऊपर गर्व नहीं कर पा रहा है। इसके लिए भारत की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।"
-
1:05 PM (IST) Jul 28, 2025
कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है। ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा आज होने वाली है।
-
12:45 PM (IST) Jul 28, 2025
लोकसभा की कार्रवाई अब 1 बजे से शुरू होगी
लोकसभा में राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री ने 12 बजने पर भीतर आए लेकिन उसके बावजूद भी तमाम विपक्षी सांसद SIR की तख़्ती लेके अपना धरना करते रहे हैं और कई सांसद वेल में घुस गए जिसकी वजह से स्थगन हुआ। लोकसभा की कार्रवाई अब 1 बजे से शुरू होगी, उस वक्त ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू होगी।
-
12:39 PM (IST) Jul 28, 2025
रिजिजू ने बताई विपक्ष की मांग
किरन रिजिजू ने कहा कि 12.15 बजे ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू होनी थी लेकिन विपक्ष 10 मिनट पहले एक नया मुद्दा लेकर आता है कि सरकार लाइन ऑफ कमिटमेंट दे कि इसके बात SIR पर चर्चा होगी। पार्लियामेंट ऐसे नहीं चलता है।
-
12:28 PM (IST) Jul 28, 2025
कार्यवाही में बाधा डाल रहा विपक्ष: ओम बिरला
लोकसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल में दोपहर 12 बजे तक स्थगित करने से पहले, अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विपक्षी सदस्य जानबूझकर सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) से अनुरोध किया कि वे अपनी पार्टी के सदस्यों से पोस्टर न दिखाने को कहें। उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध प्रदर्शन सदन की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यों को प्रश्नकाल में बोलने नहीं दिया जा रहा है और देश की जनता सब देख रही है, और सदन की कार्यवाही जानबूझकर बाधित की जा रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, "पहले आप ऑपरेशन सिंदूर पर बहस की मांग करते हैं, फिर सदन में वेल में आ जाते हैं। अगर आप चर्चा में भाग लेना चाहते हैं, तो कृपया अपनी सीट पर बैठ जाएं। क्या आप ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा चाहते हैं या नहीं?...क्या मुझे सदन की कार्यवाही स्थगित कर देनी चाहिए?"
-
12:11 PM (IST) Jul 28, 2025
दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। इस हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को एक बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
-
11:39 AM (IST) Jul 28, 2025
अपने बयान पर चिदंबरम ने दी सफाई
पी चिदंबर ने अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश दिया जा रहा है।
-
11:13 AM (IST) Jul 28, 2025
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
-
11:04 AM (IST) Jul 28, 2025
रक्षा मंत्री करेंगे चर्चा की शुरुआत
लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया है। बता दें कि 12 बजे से ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू होगी। सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री चर्चा की शुरुआत करेंगे।
-
11:02 AM (IST) Jul 28, 2025
दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू
लोकसभा और राज्यसभा में संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू होने से पहले पीएम मोदी भी संसद पहुंच गए हैं।
-
10:56 AM (IST) Jul 28, 2025
अनुराग ठाकुर ने चिदंबरम के बयान पर दिया बयान
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पी. चिदंबरम के बयान पर कहा, "जब-जब पाकिस्तान और आतंक की बात आती है तो पाकिस्तान भी पाकिस्तान की उतनी पैरवी नहीं करता जितनी राहुल अधिकृत कांग्रेस पाकिस्तान की करती है। हर तर्क, हर बचाव का तरीका तैयार रहता है। कहीं न कहीं पाकिस्तान को बचाने के लिए कांग्रेस खड़ी रहती है, ऐसी कौन सी मजबूरी है कि कांग्रेस को पाकिस्तान का साथ देना जरूरी है? आज जब पहलगाम आतंकी हमले पर सदन में चर्चा होगी तो उससे पहले पूर्व गृह मंत्री का इस तरह का बयान आना कांग्रेस की मानसिकता को दिखाता है कि वे भारत के साथ नहीं हैं।"
-
10:49 AM (IST) Jul 28, 2025
PM मोदी पहुंचे संसद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंच गए हैं। बता दें कि लोकसभा में आज ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे की विशेष चर्चा होगी। पीएम मोदी भी इस चर्चा में शामिल हो सकते हैं।
-
10:44 AM (IST) Jul 28, 2025
INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक जारी
मानसून सत्र के दौरान संसद भवन में INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक हो रही है। इस बैठक में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ-साथ विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हैं।
-
10:41 AM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर बदलते भारत का प्रतीक: किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर कोई मामूली एक्शन नहीं है, ये बदलते भारत का प्रतीक है। जब ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा सदन में शुरू हो रही है तो मेरी विपक्षी दलों से दरख्वास्त है कि कोई भी ऐसी भाषा ना बोलें जिससे भारत की छवि या सेना के मनोबल पर आंच आए। कांग्रेस पार्टी और विपक्ष ऐसा कुछ ना बोले जिससे पाकिस्तान और भारत विरोधी ताकतों को बल मिलता है। कांग्रेस पहले बहुत बार पाकिस्तान की भाषा बोल चुकी है। सदन में पाकिस्तान से तालमेल की भाषा बिल्कुल ना बोले।"
-
10:37 AM (IST) Jul 28, 2025
सरकार को सच बताना होगा: गौरव गोगोई
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "हम अपने वक्ताओं की सूची अध्यक्ष कार्यालय में देंगे। आज सरकार को सच बताना होगा।" वहीं पी चिदंबरम के इस बयान पर कि "पहलगाम के आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे, इसका कोई सबूत नहीं है।" गोगोई ने कहा, "वह इस बारे में और जानकारी दे पाएंगे।"
-
10:17 AM (IST) Jul 28, 2025
ऑपरेशन सिंदूर पर आज से चर्चा: किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर पर आज से चर्चा शुरू होगी। जब रावण ने लक्ष्मण रेखा पार की, तो लंका जल गई। जब पाकिस्तान ने भारत द्वारा खींची गई लाल रेखा पार की, तो आतंकवादी शिविरों को आग का सामना करना पड़ा!"
-
10:12 AM (IST) Jul 28, 2025
BJP की महिला सांसद मकर द्वार पर कर रहीं प्रदर्शन
संसद भवन के मकर द्वार पर बीजेपी की महिला सांसद प्रदर्शन कर रही हैं। डिंपल यादव के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले पर बीजेपी की महिला सांसद प्रदर्शन कर रही हैं।
-
10:08 AM (IST) Jul 28, 2025
पहलगाम के साथ SIR पर भी हो चर्चा: कांग्रेस
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने ऑपरेशन सिंदूर पर होने वाली चर्चा पर कहा, "10 बजे हमारी INDIA गठबंधन की बैठक होने वाली है, INDIA गठबंधन के नेता चर्चा की दिशा तय करेंगे और 10:30 बजे हम SIR के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। अगर सरकार पहलगाम पर चर्चा करने के लिए इतनी ईमानदार है तो हम चर्चा में भाग लेंगे, लेकिन हम SIR पर भी चर्चा चाहते हैं।"
-
10:06 AM (IST) Jul 28, 2025
अखिलेश यादव ने ऑपरेशन सिंदूर पर दिया बयान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ऑपरेशन सिंदूर पर होने वाली चर्चा पर कहा, "ऑपरेशन सिंदूर में फौज के साहस, पराक्रम को हम बधाई देते हैं, अगर उन्हें और मौका मिलता तो शायद वे PoK भी ले लेते। जहां तक पहलगाम का सवाल है तो पहलगाम से पहले भी एक घटना हुई जिसकी जानकारी जनता को नहीं मिली है। आखिर भाजपा सरकार में आतंकवाद और आतंकी घटनाएं क्यों हो रही हैं? और पहलगाम की घटना के आतंकी कहां हैं?"
-
10:01 AM (IST) Jul 28, 2025
'दलगत राजनीति से ऊपर उठकर' होनी चाहिए ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा: मायावती
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा कि सोमवार से संसद में शुरू हो रहे ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष दोनों को "दलगत राजनीति से ऊपर उठकर" भाग लेना चाहिए। मायावती ने X पर पोस्ट किया, "ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद में आज से शुरू होने वाली चर्चा को, सत्ता व विपक्ष को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लेना चाहिये। आगे महिलाओं का सिंदूर ना उजड़े तथा मां को भी अपने बेटे गंवाने ना पड़े इस पर सरकार एवं विपक्ष को मिलकर ठोस रणनीति के तहत कार्य करना चाहिये, यही समय की माँग भी है।"
-
9:46 AM (IST) Jul 28, 2025
ट्रंप के दावों पर विपक्ष ने मांगी सफाई
विपक्षी दल पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार समझौते के दावे पर विपक्ष सरकार से स्पष्टीकरण मांग रहा है। विपक्षी दल बहस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी की मांग भी कर रहे हैं।
-
9:42 AM (IST) Jul 28, 2025
बहस में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर व निशिकांत दुबे भी चर्चा में भाग ले सकते हैं। वहीं पीएम मोदी के लोकसभा में चर्चा में हस्तक्षेप करने की उम्मीद है। वह राज्यसभा में भी चर्चा में हस्तक्षेप कर सकते हैं।
-
9:39 AM (IST) Jul 28, 2025
भारतीय सेना ने शुरू किया ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे, जिसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाकर सटीक हमले किए।
-
9:37 AM (IST) Jul 28, 2025
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आज लोकसभा में विशेष चर्चा होने वाली है। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के शीर्ष नेताओं के बीच तीखी बहस होने की उम्मीद है। सोमवार की लोकसभा की कार्यसूची में लिखा है, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विशेष चर्चा"