1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए रख दी इतनी सीटों की मांग, AIADMK ने क्या पक्ष रखा?

भाजपा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए रख दी इतनी सीटों की मांग, AIADMK ने क्या पक्ष रखा?

 Reported By: T Raghavan Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 09, 2026 02:49 pm IST,  Updated : Jan 09, 2026 02:55 pm IST

भाजपा और AIADMK के बीच तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए प्लानिंग पर चर्चा जारी है। अब ये बात भी सामने आ गई है कि भाजपा ने AIADMK के सामने कितनी सीटों की मांग रखी है।

Palaniswami Amit shah aiadmk bjp tamil nadu- India TV Hindi
भाजपा-AIADMK में बातचीत जारी। (फाइल फोटो) Image Source : INSTA (EPS.TAMILNADU)

भाजपा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि इस चुनाव के लिए भाजपा और AIADMK के बीच गठबंधन हुआ है। हाल ही में AIADMK महासचिव एडप्पाडी पलनीस्वामी की नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र शुक्रवार को प्रदेश BJP अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन ने पलनीस्वामी से भेंट की। सूत्रों के मुताबिक इस मीटिंग में सीट शेयरिंग को दिल्ली में हुई बातचीत को आगे बढ़ाया गया।

कितनी सीटें मांग रही है भाजपा?

सूत्रों की मानें तो 23 दिसम्बर को सीट शेयरिंग को लेकर चेन्नई में पालनिस्वामी और चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की बैठक में BJP ने 50 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही। अमित शाह से दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान भी BJP 50 सीटों से ज्यादा चुनाव लड़ने की बात पर कायम रही। हालांकि, AIADMK ने अभी तक किसी भी तरह की हामी नहीं भरी है, बल्कि AIADMK ने ये मैसेज दिया है कि वो कम से कम 170 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसका मतलब ये है कि AIADMK, BJP को मिलाकर सभी घटक दलों को सिर्फ 64 सीट ही देना चाहती है...तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं।

दूसरी शर्त से भी सहमत नहीं पलनीस्वामी 

इसके अलावा पलनीस्वामी BJP की दूसरी शर्त से भी सहमत नहीं दिख रहे हैं। गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए BJP चाहती है कि AIADMK से बागी हो चुके पूर्व CM ओ पन्नीरसेल्वम और AMMK पार्टी जिसका नेतृत्व TTV दिनारकरण करते हैं, इन दोनों को गठबंधन में शामिल किया जाए। AIADMK सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में प्रदेश BJP अध्यक्ष को AIADMK की ओर से बताया गया कि O पन्नीरसेल्वम को शामिल करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है, TTV दिनाकरण पर बाद में सोचा जाएगा।

पीएम मोदी के कार्यक्रम पर भी चर्चा

इस बैठक में इस बात पर भी विस्तार से चर्चा हुई कि चुनाव के दौरान PM के कार्यक्रम कहां-कहां रखे जाएं जिससे गठबंधन को उनकी छवि का फायदा मिल सके। गौरतलब है कि 2021 के चुनावों में AIADMK ने BJP को 25 सीटें दी थीं जिनमें से BJP को सिर्फ 4 सीट पर जीत मिली थी। इस बार दोगुनी से भी ज्यादा सीटों की मांग, गठबंधन के कायम रहने पर भी सवालिया निशान खड़े कर रही है।

ये भी पढ़ें- चुनावी साल में CM स्टालिन का बड़ा दांव, 2 करोड़ 22 लाख परिवारों को मिलेंगे ₹3,000 नकद और गिफ्ट हैम्पर

'नेशनल हेराल्ड' पर कर्नाटक सरकार ने की पैसों की बारिश, खूब दिए विज्ञापन; राज्य में जीरो हैं पाठक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत