1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तमिलनाडु में सीएम विजय की TVK गठबंधन को मिला नया नाम, 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' पर सहमति

तमिलनाडु में सीएम विजय की TVK गठबंधन को मिला नया नाम, 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' पर सहमति

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Niraj Kumar
 Published : Sep 09, 2026 06:27 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 07:34 pm IST

तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन को आखिरकार नया नाम मिल गया है। चेन्नई में हुई बैठक के बाद गठबंधन के नए नाम पर मुहर लगी। जानकारी के मुताबिक गठबंधन का नया नाम 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' तय किया गया है।

TVK गठबंधन को मिला नया...- India TV Hindi
TVK गठबंधन को मिला नया नाम Image Source : ANI

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन को आखिरकार नया नाम मिल गया है। चेन्नई में हुई बैठक के बाद गठबंधन का नाम 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' तय किया गया है। इस गठबंधन में TVK के साथ कांग्रेस, VCK, MDMK और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) शामिल हैं।

गठबंधन का नाम तय करने को लेकर बुधवार को चेन्नई के पनायुर स्थित TVK मुख्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति और चुनावी तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में कांग्रेस की ओर से मणिकम टैगोर, थारागाई कथबर्ट और प्रवीण चक्रवर्ती मौजूद रहे। VCK की ओर से पार्टी प्रमुख थोल थिरुमावलवन के साथ वन्नी अरसु, रवि कुमार और सिंथनई सेलवन शामिल हुए। MDMK की तरफ से पार्टी प्रमुख वाइको और दुरई वाइको ने हिस्सा लिया, जबकि IUML की ओर से के.एम. कादर मोइदीन और शाहजहाँ बैठक में शामिल हुए।

गठबंधन के नाम में 'सेक्युलर' और 'सोशल जस्टिस' जैसे शब्दों को शामिल किए जाने से इसके राजनीतिक एजेंडे का संकेत भी मिलता है। वहीं 'विक्ट्री अलायंस' के जरिए TVK प्रमुख विजय के नेतृत्व और चुनावी जीत के लक्ष्य को सामने रखा गया है।

तमिलनाडु की राजनीति में TVK के इस गठबंधन को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के साथ गठबंधन बनने से TVK को राज्य की सियासत में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

CPM और CPI बैठक में शामिल नहीं

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने यहां टीवीके मुख्यालय में हुई बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया था। माकपा पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि टीवीके सरकार को उसका समर्थन मुद्दा-आधारित और बाहर से दिया जाने वाला समर्थन है। पार्टी का राज्य के मंत्रिमंडल में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। 

बैठक में किन अहम मुद्दें पर हुई चर्चा?

कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) के वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में सत्तारूढ़ गठबंधन की संरचना को नया नाम देने पर सहमति बनी। साथ ही इस अहम बैठक में साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने, संयुक्त संचालन समिति गठित करने पर चर्चा हुई।

बता दें कि पिछले महीने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की। इस योजना के तहत महिला लाभार्थी अब डीलक्स और एक्सप्रेस बसों  में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसकी घोषणा सीएम विजय ने विधानसभा में की। इसके अलावा अन्य कई अहम घोषणाएं  करते हुए विजय ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया। 

ये भी पढ़ें:

'टूटा हुआ जबड़ा', विधानसभा में अपने इशारे पर सीएम विजय ने दी सफाई, तमिलनाडु में गरमाई सियासत

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत