1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Election Dates: 4 राज्य 1 केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 मई को आएंगे नतीजे

Election Dates: 4 राज्य 1 केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 मई को आएंगे नतीजे

 Reported By: Devendra Parashar,  Edited By: Rituraj Tripathi Amar Deep
 Updated : Mar 15, 2026 05:24 pm IST

Election Dates: चुनाव आयोग ने चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। केरल, असम में 9 अप्रैल को सभी सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, पश्चिम बंगाल में दो फेज में चुनाव होंगे।

आज हो सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान। - India TV Hindi
आज हो सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान। Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल समेत देश के चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान होना है। वहीं, पश्चिम बंगाल में दो चरण में वोटिंग होगी। इसके साथ ही 6 राज्यों की 8 सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं। ये भी दो चरण में 9 और 23 अप्रैल को होंगे। सभी चुनावों के नतीजों का ऐलान 4 मई को होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि असम, केरल और पुडुचेरी की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा।

पश्चिम बंगाल में दो चरण में चुनाव होने हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। उपचुनाव में गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की खाली सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात की तीन सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

चुनाव आयोग जिन चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव का ऐलान किया है, वहां विधानसभा का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के तहत प्रकाशित की जा चुकी हैं। तमाम राजनीतिक दल भी चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। कांग्रेस ने तो असम के लिए प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है। 

Election Dates

Auto Refresh
Refresh
  • 4:40 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    6 राज्यों में उपचुनाव

    6 राज्यों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया गया है। गोवा की पोंडा सीट, गुजरात की उमरेठ, कर्नाटक की बागलकोट और दावनगर साउथ, महाराष्ट्र की रहुरी और बारामती, नगालैंड की कोरीडांग और त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर उपचुनाव होने हैं। इन सभी सीटें तत्कालीन विधायकों के निधन के कारण खाली हुई हैं। गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को मतदान होना है। वहीं, गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल को मतदान होगा।

  • 4:33 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    पुडुचेरी की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान

    पुडुचेरी की सभी 30 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, 4 मई को तारीखों का ऐलान किया जाएगा। 16 मार्च को चुनाव का ऐलान होने के साथ ही यहां आचार सहिंता लागू हो चुकी है। नामांकन का आखिरी दिन 23 अप्रैल और नाम वापसी का आखिरी दिन 26 अप्रैल होगा। 

  • 4:26 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    किस राज्य में कब होंगे चुनाव

    असम में 9 अप्रैल को एक चरण में चुनाव होंगे। 4 मई को मतगणना होगी। केरल में भी एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को वोटों की गिनती होगी। तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। पश्चिम बंगाल में दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग होगी। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। सभी राज्यों के चुनाव के नतीजों का ऐलान 4 मई को होगा। कई राज्यों में इसके साथ उपचुनाव भी होना है।

  • 4:23 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    ECINET एप पर मिलेगी चुनाव से जुड़ी हर जानकारी

    चुनाव आयुक्त ने बताया कि ECINET एप पर चुनाव से जुड़ी हर जानकारी दी जाएगी। मतदाता इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं और चुनाव से जुड़ी हर जानकारी हासिल कर सकते हैं। इस एप की मदद से आसानी से आप अपना प्रतिनिध चुन सकते हैं।

  • 4:19 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चुनाव प्रकिया में 25 लाख कर्मचारी होंगे शामिल

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि कुल 25 लाख कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने में अपना योगदान देंगे। इनमें से 15 लाख कर्मचारी मतदान प्रकिया को पूरा कराएंगे। वहीं, 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। पोलिंग बूथ पर 49 हजार माइक्रो ऑबजर्वर और 1444 ऑबजर्वर होंगे। 40 हजार काउंटिंग अफसर होंगे। 21 हजार सेक्टर अफसर होंगे और वोटों की गिनती के लिए 15 हजार माइक्रो ऑबजर्वर होंगे।

  • 4:10 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी

    चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पांच राज्यों में चुनाव से पहले मतदाताओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। वह चुनाव से जुड़े अहम आंकड़े बता रहे हैं। जल्द ही चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी होगा।

  • 4:09 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    किस राज्य में कितनी सीटें

    जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, उनमें सबसे ज्यादा 294 सीटें पश्चिम बंगाल में हैं। वहीं, तमिलनाडु में 234, केरल में 140, असम में 126 और पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटें हैं। इन पांचों राज्यों में कुल 17.4 करोड़ वोटर हैं। इन मतदाताओं को कुल 824 सीटों पर विधायक चुनने हैं। इसके लिए कुल 2.19 लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इस चुनाव को पूरा कराने में कुल 25 लाख चुनाव अधिकारी अपना योगदान देंगे।

  • 4:02 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चुनाव के ऐलान से पहले पीएम मोदी का पोस्ट

    पीएम मोदी ने चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से ठीक पहले एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा है कि बंगाल बीजेपी के साथ हैं। उन्होंने शनिवार को पश्चिम बंगाल में रैली की थी। इस रैली में जुटी भीड़ का वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "कल कोलकाता में हुई जोश भरी रैली की खास बातें! यह साफ है कि पश्चिम बंगाल बीजेपी को सपोर्ट कर रहा है।

  • 2:54 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    विपक्ष-विहीन भारत बनाना चाहती है भाजपा: मजीद मेनन

    पूर्व राज्यसभा सांसद मजीद मेमन ने कहा, "भाजपा के मिशन की बात करें तो यह स्पष्ट है कि वे देश के किसी भी राज्य में गैर-भाजपा सरकार नहीं बनने देना चाहते। वे पूरे हिंदुस्तान पर शासन करना चाहते हैं, जबकि लोकतंत्र में कोई राजा नहीं होता। भाजपा विपक्ष-विहीन भारत बनाना चाहती है। अगर ऐसा हुआ तो लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा; लोकतंत्र में विपक्ष का होना अत्यंत आवश्यक है।"

     

  • 2:47 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    चुनाव भाजपा के पक्ष में होंगे: कमलेश पासवान

    आज चुनाव आयोग द्वारा पांच मतदान वाले राज्यों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर, भाजपा सांसद कमलेश पासवान ने कहा, "भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार है। हमारे कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। चुनाव भाजपा के पक्ष में होंगे।"

     

  • 2:38 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना असम: अमित शाह

    अमित शाह ने असम में कहा, "मैं हिमंता बिस्वा सरमा के उन प्रयासों की सराहना करना चाहता हूं, जिनके तहत उन्होंने असम को एक ही दिन में स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना दिया है। उन्होंने अपने कार्यकाल के अंत से पहले ही असम को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना दिया है। हिमंता आज कार में मुझसे कह रहे थे कि वे असम को ऐसा बनाना चाहते हैं कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए असम से बाहर न जाना पड़े। हम एक ऐसा राज्य बनाना चाहते हैं जहां बंगाल और पूर्वोत्तर के गरीब मरीज इलाज करा सकें। मुझे बहुत खुशी है कि जो मरीज कैंसर के इलाज के लिए यहां से चेन्नई, मुंबई, कर्नाटक और दिल्ली तक यात्रा करते थे, वे अब अपने परिवार के करीब स्थित सरकारी अस्पतालों में इलाज करा सकेंगे।"

     

  • 2:35 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद होगी IPL की घोषणा

    चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर, BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "अगर शेड्यूल की आज घोषणा हो जाती है तो हमारे लिए ये राहत की बात है क्योंकि तब हम पूरा IPL का शेड्यूल जारी कर पाएंगे। क्योंकि उन राज्यों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था तभी उपलब्ध हो सकती है। अगर आज चुनावों की तारीखों की घोषणा हो जाती है तो हम आज ही इसकी घोषणा कर सकते हैं।"

  • 2:35 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सीटों के बटवारे पर घमासान

    वामपंथी दलों द्वारा गठबंधन में अधिक सीटें मांगने की खबरों पर, वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन ने कहा, "चर्चा के दौरान मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हम सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेंगे। वामपंथी दलों के विचारों का गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वीसीके किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसकी जानकारी कुछ दिनों में मिल जाएगी।"

  • 2:17 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सभी को चुनाव आयोग पर पूरा विश्वास: बीजेडी नेता प्रसन्ना आचार्य

    भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के संबंध में, बीजेडी नेता प्रसन्ना आचार्य ने कहा, “यह चुनाव एक बेहद महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है क्योंकि, जैसा कि आप जानते हैं, संसद में देश के निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश चल रही है, इसलिए निर्वाचन आयुक्त से निष्पक्ष व्यवहार करने की अपेक्षा की जाती है क्योंकि यह एक लोकतंत्र है, और सभी को चुनाव आयोग पर पूरा विश्वास है।”

     

  • 1:52 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जनता टीएमसी के साथ है: फिरहाद हकीम

    पश्चिम बंगाल के मंत्री और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कहा, "वे निश्चित रूप से चुनाव तिथियों की घोषणा करेंगे। लेकिन हमें इसकी परवाह नहीं है क्योंकि हमारा संगठन और जनता के साथ हमारा जुड़ाव पूरे साल बना रहता है। जनता टीएमसी के साथ है। अगर भाजपा 20 सीटें भी जीत लेती है तो यह हमारे लिए काफी होगा।"

  • 1:51 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बंगाल का गौरव वापस लाएगी भाजपा: राजीव रंजन प्रसाद

    जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "पश्चिम बंगाल में टीएमसी शासन के दौरान जो अत्याचार हुए, लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ, संसाधनों का दुरुपयोग हुआ। नौकरियां नहीं हैं, रोजगार नहीं है, उद्योग बंद पड़े हैं। लोग बदलाव चाहते हैं और निस्संदेह भाजपा द्वारा गठित नई सरकार बंगाल का गौरव वापस लाएगी।"

  • 1:50 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भाजपा चुनाव के लिए तैयार: के सुधाकर

    भाजपा सांसद के. सुधाकर ने चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर कहा, "इस देश में चुनाव संघीय ढांचे व प्रजातंत्र को मजबूत करने की एक निरंतर व्यवस्था होती है। चुनाव आयोग देश के लिए कोई भी घोषणा करे, हम तैयार हैं। भाजपा पार्टी चुनाव की तैयारी नहीं करती है, हम देश की सेवा करते हैं। हमें भरोसा है कि हम फिर से असम में जीतेंगे, पुडुचेरी में भी NDA की जीत की अच्छी संभावना है। तमिलनाडु में NDA की लहर है।"

  • 1:49 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    असम की जनसांख्यिकी पर बोले आरपी सिंह

    भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर कहा, "ये चुनावी प्रक्रिया है। चुनाव लोकतंत्र की एक प्रक्रिया है।" इसके अलावा कोलकाता में पीएम मोदी के संबोधन पर उन्होंने कहा, "इसमें कोई दो राय नहीं है कि पश्चिम बंगाल के जो घुसपैठिये हैं वो वहां की जनसांख्यिकी पर बड़ा प्रभाव डालते हैं। वहां की मां, माटी और मानुष पर बड़ा असर डालते हैं। जो प्रावधान लोगों के लिए होने चाहिए वो उन पर अपना हक जमाते हैं।"

  • 1:48 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राहुल गांधी संसद के दरवाजे पर बैठकर चाय-पकौड़े खाते हैं: अमित शाह

    अमित शाह ने असम में कहा, "कभी-कभी वह (राहुल गांधी) संसद के दरवाजे पर बैठकर चाय-पकौड़े खाते हैं। क्या उन्हें यह एहसास नहीं है कि नाश्ता करने के लिए उचित स्थान क्या होता है? संसद हमारे लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है। वहां बैठकर विरोध करना भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं है। लेकिन आपने विरोध से भी दो कदम आगे बढ़कर चाय-पकौड़े खाए हैं। इससे भारत की छवि पूरी दुनिया में खराब हो रही है। आज इस मंच से मैं दोनों घटनाओं की कड़ी निंदा करता हूं, जो वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इशारे पर और संसद में उनकी स्वयं की भागीदारी के साथ घटीं। मुझे नहीं लगता कि देश में कोई भी इस तरह की सक्रियता का समर्थन करेगा। विपक्ष हमारे खिलाफ है। हमारा विरोध करो। जितना हो सके विरोध करो। संसद में मत बोलो। भाग जाओ। और जहां दुनिया भर से लोग भारत की ताकत देखने, भारत के युवाओं की क्षमता देखने आए हैं, वहां आप उनकी संभावनाओं को कम कर रहे हैं। भारत की जनता आपको माफ नहीं करेगी।"

  • 1:00 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    1-2 चरण में कराएं चुनाव: राहुल सिन्हा

    राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, "जल्द चुनाव कराने की घोषणा की जानी चाहिए, अन्यथा चुनाव समय पर नहीं हो पाएंगे... हमारी मांग है कि पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव 1-2 चरणों में कराए जाएं, लेकिन चुनाव आयोग जो भी फैसला लेगा, हम उसे स्वीकार करेंगे। पश्चिम बंगाल भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।"

  • 12:50 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी ने चुनाव आयोग को दी अनुमति: दयानिधि मारन

    डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरकार चुनाव आयोग को चुनाव तिथियों की घोषणा करने की अनुमति दे दी है।"

     

  • 12:36 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अमित शाह ने असम में स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया अनावरण

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में 2092 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "दस साल पहले, पूरे नॉर्थ-ईस्ट में स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक से काम नहीं कर रही थी। दशकों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचा।"

  • 12:17 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    माकपा की तैयारी पूरी

    केरल के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा को राज्य में अपना खाता तक खोलने नहीं दिया जाएगा।

     

  • 11:44 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    शायद भाजपा कार्यालय में होगी चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस: संजय राउत

    चुनाव आयोग द्वारा आज मतदान वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, "मुझे नहीं पता कि चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस कहां होगी। शायद भाजपा कार्यालय में हो। आज का चुनाव आयोग भाजपा की ही एक शाखा बनकर रह गया है। हमें इस चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है। ये लोग भाजपा के लिए काम करते हैं।"

  • 11:23 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव

    एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी चुनाव होने वाले हैं। निर्वाचन आयोग आज शाम पुडुचेरी में भी चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। 

  • 11:23 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    चार राज्यों में विधानसभा चुनाव

    पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम में विधानसभा चुनाव होना है। इन सभी राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज किया जा सकता है। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।

  • 11:17 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    असम चुनाव के लिए AAP ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट

    आम आदमी पार्टी ने असम राज्य में 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 14 उम्मीदवारों के नाम हैं।

  • 11:01 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बंगाल में हम सरकार बनाएंगे: BJP नेता सौमित्र खान

    पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों पर भाजपा सांसद सौमित्र खान ने का, "इस बार नतीजे अच्छे होंगे। हम सभी पांचों राज्यों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हम सरकार भी बनाएंगे।"

  • 10:33 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    शाम चार बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

    भारत निर्वाचन आयोग आज शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा; जिसमें संभवतः मतदान वाले राज्यों में चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत