1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चुनावों से ठीक पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का बड़ा दांव, टीएस सिंह देव को बनाया गया डिप्टी सीएम

चुनावों से ठीक पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का बड़ा दांव, टीएस सिंह देव को बनाया गया डिप्टी सीएम

 Published : Jun 28, 2023 09:58 pm IST,  Updated : Jun 28, 2023 11:37 pm IST

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कद्दावर नेता टीएस सिंह देव को पार्टी ने सूबे का उपमुख्यमंत्री बनाया है। इस कदम को विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पार्टी द्वारा उनकी कथित नाराजगी को दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

TS Singh Deo- India TV Hindi
कांग्रेस अध्यक्ष ने टीएस सिंह देव को छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को मंजूरी दे दी है। Image Source : TWITTER.COM/TS_SINGHDEO

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों के ठीक पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के कद्दावर नेता टीएस सिंह देव को सूबे का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष ने टीएस सिंह देव को छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर खुशी का इजहार किया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में नवंबर के आसपास विधानसभा चुनाव होने हैं।

आमने-सामने रहे हैं बघेल और सिंह देव

राज्य में 2018 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद से सिंह देव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता की लड़ाई में एक दूसरे के आमने-सामने रहे हैं। सिंह देव ने पहले दावा किया था कि पार्टी नेतृत्व ने वादा किया था कि वह और बघेल बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे। हालांकि, बघेल ने इस दावे को खारिज कर दिया था। बघेल ने कुछ महीने पहले, उनके प्रति निष्ठा रखने वाले विधायकों की उस वक्त पार्टी नेतृत्व के समक्ष परेड भी करायी थी, जब सिंह देव ने बघेल को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिशें तेज कर दी थीं।

बघेल ने ट्वीट किया, 'महाराज साहब को शुभकामनाएं'
बताया जा रहा है कि पार्टी की छत्तीसगढ़ की प्रभारी महासचिव कुमारी शैलजा ने टीएस सिंह देव को उप मुख्यमंत्री नियुक्त करने का एक प्रस्ताव भेजा था और पार्टी अध्यक्ष ने इसे मंजूरी दे दी। बघेल और सिंह देव ने रणनीति बैठक के बाद खरगे से उनके आवास पर मुलाकात भी की। टीएस सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, 'हैं तैयार हम। महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं. @TS_SinghDeo'।

टीएस सिंह देव ने डिप्टी सीएम बनने के बाद क्या कहा!
वहीं, डिप्टी सीएम बनने के बाद टीएस सिंह देव ने कहा, 'आभार व्यक्त करना चाहूंगा, कांग्रेस अध्यक्ष ने एक ज़िम्मेदारी दी है। सबको साथ लेकर चलना है और कोशिश करनी है कि सीमित समय में भी कांग्रेस के भले के लिए, छत्तीसगढ़ के भले के लिए, लोगों के भले के लिए जो कर सकते हैं, वो करना है।' बता दें कि कुछ ही दिन पहले ही सिंह देव ने कहा था कि कई दलों ने उनसे संपर्क किया है लेकिन उनका कांग्रेस पार्टी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। सिंह देव को चुनावों से ठीक पहले उपमुख्यमंत्री पद देने को सियासी पंडित उनकी कथित नाराजगी को दूर करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत