1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राजस्थान: पूर्व CM वसुंधरा राजे ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- ये और इनके भाई जब आते हैं तो...

राजस्थान: पूर्व CM वसुंधरा राजे ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- ये और इनके भाई जब आते हैं तो...

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 30, 2023 05:39 pm IST,  Updated : Oct 30, 2023 06:06 pm IST

राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि प्रियंका और राहुल जब राजस्थान आते हैं तो जनता से कुछ न कुछ वादा कर जाते हैं लेकिन ये जरूरी नहीं कि वे अपना वादा पूरा करेंगे।

Vasundhara Raje- India TV Hindi
राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे Image Source : ANI

जयपुर: राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने जयपुर में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। वसुंधरा ने कहा, 'कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी ने यहां का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के प्रति अपनी चिंता जाहिर की। अगर उन्होंने (राजस्थान सरकार) 'नारी शक्ति' योजना को बढ़ाया होता तो इससे महिलाओं को फायदा होता। वह (प्रियंका) और उनके भाई (राहुल) जब भी जाते हैं तो राजस्थान के लोगों से कुछ न कुछ वादा करते हैं लेकिन यह जरूरी नहीं कि वे अपना वादा निभाएंगे। 5 साल बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कारण लोग अपने परिवार की महिलाओं के लिए डरे हुए हैं।'

प्रियंका ने आज छत्तीसगढ़ में किए बड़े ऐलान 

एक तरफ राजस्थान में वसुंधरा राजे ने प्रियंका पर निशाना साधा, दूसरी तरफ प्रियंका ने छत्तीसगढ़ में बड़े ऐलान किए। प्रियंका ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बरकरार रहने पर महतारी न्याय योजना लागू की जाएगी जिसके तहत प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी तथा राज्य में दो सौ यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। 

प्रियंका ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए आठ घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, ''छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू करेंगे, प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। राज्य में 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। महिला स्व-सहायता समूहों के तथा सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए ऋण माफ किए जाएंगे। आगामी वर्षों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी।'' 

प्रियंका ने घोषणा की, ''राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत फ्री इलाज किया जाएगा। परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा और राज्य के किसानों से 'तिवरा' फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।'' (इनपुट: भाषा से भी)

ये भी पढ़ें: 

सिंगर बादशाह की मुश्किलें बढ़ीं, पूछताछ के लिए भेजा गया समन, संजय दत्त समेत 40 एक्टर्स पर गिर सकती है गाज

इजरायल-हमास संघर्ष के बीच विरोध प्रदर्शनों से बेकाबू हो रहे ब्रिटेन के हालात, पीएम ऋषि सुनक ने उठाया ये कदम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत