Vice President Election 2022 Live Updates : देश के नए उपराष्ट्रपति पद के लिए आज मतदान शुरू हो गया है। पीएम मोदी ने संसद भवन पहुंचकर सबसे पहले अपना वोट डाला। उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA की तरफ से मैदान में जगदीप धनखड़ हैं और विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा हैं। मुकाबला इन्हीं दो उम्मीदवारों के बीच है।हालांकि टीएमसी के रुख और विपक्ष में फूट के माहौल को देखते हुए मुकाबला बिल्कुल एकतरफा नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल धनखड़ की जीत तय मानी जा रही है। विपक्षी दलों में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं, क्योंकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने अल्वा के नाम की घोषणा से पहले सहमति नहीं बनाने की कोशिशों का हवाला देते हुए मतदान प्रक्रिया से दूर रहने की घोषणा की है।