1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कौन बनेगा देश का अगला उपराष्ट्रपति, NDA और INDIA के पास है कितना वोट? यहां समझिए आंकड़ों का गणित

कौन बनेगा देश का अगला उपराष्ट्रपति, NDA और INDIA के पास है कितना वोट? यहां समझिए आंकड़ों का गणित

 Published : Aug 18, 2025 11:10 am IST,  Updated : Aug 18, 2025 11:23 am IST

उपराष्ट्रपति के नाम का ऐलान NDA की ओर से कर दिया गया है। सीपी राधाकृष्णन का नाम सामने आने के बाद विपक्ष के नेता भी अब दुविधा में आ गए हैं। जानिए उपराष्ट्रपति के चुनाव के वोटों का पूरा गणित क्या है?

कौन होगा अगला...- India TV Hindi
कौन होगा अगला राष्ट्रपति Image Source : INDIA TV

कौन बनेगा देश का अगला उपराष्ट्रपति? एनडीए कैंडिडेट के ऐलान के बाद उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के ऐलान के बाद आज INDIA ब्लॉक की बैठक होने जा रही है। इसमें उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर चर्चा होगी।

खरगे के चैंबर में INDIA ब्लॉक की बैठक

ये बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चैंबर में होनी है। इसमें इंडिया ब्लॉक के नेता शामिल होंगे। अभी तक विपक्ष की तरफ से किसी उम्मीदवार का नाम सामने नहीं आया है। रविवार को एनडीए ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। 

NDA से सीपी राधाकृष्णन उम्मीदवार

एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन उम्मीदवार होंगे। रविवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में सीपी राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगी। सीपी राधाकृष्णन  21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान NDA शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

सीपी राधाकृष्णन NDA के उम्मीदवार
Image Source : INDIA TVसीपी राधाकृष्णन NDA के उम्मीदवार

विपक्ष में सेंध लगाने की हुई कोशिश

NDA के आंकड़े को देखते हुए राधाकृष्णन का अगला उपराष्ट्रपति चुना जाना तय लग रहा है। साथ ही पीएम मोदी ने राधाकृष्णन पर दांव लगाकर विपक्ष में भी सेंध लगाने की कोशिश की है। राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं। ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि DMK उनका विरोध करती है या राधाकृष्णन के समर्थन में वोट डालेगी।

उपराष्ट्रपति चुनाव के वोटों का गणित
Image Source : INDIA TVउपराष्ट्रपति चुनाव के वोटों का गणित

जानिए वोटिंग का नंबर गेम

अब नंबर गेम की बात करें तो राधाकृष्णन की जीत महज औपचारिकता लग रही है। लोकसभा और राज्यसभा के सांसद उपराष्ट्रपति के चुनाव में भाग लेते हैं। अभी लोकसभा में कुल 542 सदस्य हैं, जबकि राज्यसभा के मौजूदा सदस्यों की संख्या 240 हैं। इस तरह दोनों  सदनों को मिलाकर कुल सांसदों की संख्या 782 होगी। इसमें बहुमत का आंकड़ा 392 है। NDA के पास अभी 422 सांसदों का समर्थन है, जो जीत के लिए जरूरी आंकड़े से कहीं ज्यादा है।

उपराष्ट्रपति चुनाव के वोटों का गणित
Image Source : INDIA TVउपराष्ट्रपति चुनाव के वोटों का गणित

तमिलनाडु के OBC नेता हैं राधाकृष्णन

राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाकर बीजेपी ने मास्टर स्ट्रोक चला है। राधाकृष्णन तमिलनाडु के ओबीसी नेता हैं। वो गाउंडर जाति से हैं। संघ से 16 साल की उम्र से जुड़े रहे हैं। दो बार तमिलनाडु के कोयंबटूर से सांसद रहे हैं। तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल की शपथ ली थी। इसके पहले वो झारखंड, तेलंगाना और पुडुचेरी के राज्यपाल रह चुके हैं। यानि कि उनके पास पूरा राजनीतिक और  प्रशासनिक अनुभव है।

पीएम मोदी के दांव से दुविधा में DMK
Image Source : INDIA TVपीएम मोदी के दांव से दुविधा में DMK

बीजेपी ने DMK को डाला दुविधा में

बीजेपी ने सीपी राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगाकर डीएमके को दुविधा में डाल दिया है। राधाकृष्णन के तमिलनाडु का होने के कारण डीएमके का उनके नाम का विरोध करना आसान नहीं होगा। तमिलनाडु में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। उसके पहले बीजेपी ने राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाकर तमिलनाडु में अपनी पैठ मजबूत बनाने की कोशिश की है।

पीएम मोदी का दांव, दुविधा में DMK
Image Source : INDIA TVपीएम मोदी का दांव, दुविधा में DMK

सपा के रामगोपाल यादव ने किया समर्थन

विपक्ष की तरफ से उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार कौन होगा? इसपर आज पिक्चर क्लियर हो सकती है, लेकिन उसके पहले इस मुद्दे पर विपक्ष किस तरह बंटा हुआ है? इसके संकेत सामने आने लगे हैं। समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव ने आम राय से उपराष्ट्रपति को चुने जाने का समर्थन किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उपराष्ट्रपति उम्मीदवार पर विपक्ष की बैठक में फैसला होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत