भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार की शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए अपने त्यागपत्र में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है। उनके इस कदम से हर कोई हैरान है और सभी दलों के नेता और सांसद धनखड़ की उत्तम स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद मंगलवार को X पर ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा- "श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"
जानकारी के मुताबिक, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा मंगलवार को मंजूर कर लिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संविधान के अनुच्छेद 67ए के तहत तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की सूचना दे दी है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए अपने इस्तीफे के बारे में कहा था- "स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं।" आपको बता दें कि धनखड़ 74 साल के हैं और उन्होंने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति का पद संभाला था। उनका कार्यकाल 2027 तक था। कुछ समय पहले उनकी दिल्ली एम्स में एंजियोप्लास्टी हुई थी। इसके अलावा उन्हें इसी साल कुछ दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ये भी पढ़ें- उपराष्ट्रपति धनखड़ का इस्तीफा, अब मानसून सत्र में कौन संभालेगा राज्यसभा का चार्ज?
संपादक की पसंद