शुभेंदु अधिकारी का पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री बनना तय हो चुका है। वह शनिवार को दोपहर 11 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। हालांकि, तमिलनाडु में टीवीके के सरकार बनाने पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। विजय ने राज्यपाल के पास 116 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा है। बहुमत साबित करने के लिए उन्हें दो और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। केरल में भी सीएम के नाम को लेकर स्थिति साफ नहीं है। केसी वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे चल रहा है।
कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम पद के शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया। 9 मई को सुबह 11 बजे नई सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा। अमित शाह और ओडिशा के सीएम मोहन माझी सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। दोनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल के बीजेपी विधायकों का मन टटोला और फिर इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया। विधायक दल के नेता के चुनाव के बाद शुभेंदु अधिकारी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
बीजेपी ने शपथ ग्रहण को भव्य बनाने की तैयारी की है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। साथ ही, 20 राज्यों के सीएम भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले हैं।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के बाद CM पद की रेस में कौन-कौन है? यहां देखिए टॉप-5 नेताओं की लिस्ट