1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BJP को हराने के लिए AAP से गठबंधन करेगी कांग्रेस? जानें, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने क्या जवाब दिया

BJP को हराने के लिए AAP से गठबंधन करेगी कांग्रेस? जानें, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने क्या जवाब दिया

 Published : Apr 20, 2023 06:04 pm IST,  Updated : Apr 20, 2023 06:04 pm IST

पिछले कुछ हफ्तों से कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर व्यापक विपक्षी एकजुटता सुनिश्चित करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

Congress AAP Alliance, Congress AAP, Bhupinder Singh Hooda, Congress AAP Alliance Haryana- India TV Hindi
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा। Image Source : FILE

नयी दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में अटकलें तैर रही थीं कि हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन हो सकता है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से इस बारे में बयान देकर ऐसी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। हुड्डा ने AAP के साथ गठबंधन की संभावना को पूरी तरह खारिज करते हुए गुरुवार को कहा कि प्रदेश में कांग्रेस खुद में सक्षम है। बता दें कि हरियाणा में 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद अक्टूबर या नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

‘कांग्रेस हरियाणा में खुद में सक्षम है’

ऐसे में इन चुनावों के मद्देनजर जब राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकजुटता की कवायद के संदर्भ में उनसे आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ऐसी किसी भी संभावना को खारिज करते हुए कांग्रेस को खुद में ‘सक्षम’ बताया। उन्होंने कहा, ‘जहां तक हरियाणा का सवाल है तो वहां कांग्रेस खुद में सक्षम है।’ बता दें कि पिछले कुछ हफ्तों से कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर व्यापक विपक्षी एकजुटता सुनिश्चित करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

खरगे ने केजरीवाल को किया था फोन
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार के साथ इस बारे में चर्चा भी की थी। खरगे ने कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में AAP के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को CBI द्वारा समन किए जाने के बाद उन्हें फोन किया था। वहीं, AAP ने भी राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि मामले में सजा मिलने के बाद बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। ऐसे में माना जा रहा था कि दोनों पार्टियां जल्द ही करीब आ सकती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत