1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. आगरा: बैंक के ठीक सामने हुई परिवार से लूट, बंदर ले भागे 2 लाख रूपये

आगरा: बैंक के ठीक सामने हुई परिवार से लूट, बंदर ले भागे 2 लाख रूपये

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 30, 2018 10:04 am IST,  Updated : May 30, 2018 10:04 am IST

बंसल आगरा के धाकरान चौराहे पर मौजूद इंडियन ओवरसीज़ बैंक में दो लाख रूपये लेकर पहुंचे थे। एक बैग में नोटों के बंडल उनकी बेटी नैंसी के हाथ में थे। ओवरसीज़ बैंक के गेट पर उनके पहुंचते ही इन्हें चार-पांच बंदरों ने घेर लिया। बंदरों की नज़र नोटों के बैग पर थी।

Agra: Monkey snatches Rs 2 lakh cash bag from girl at bank’s entrance- India TV Hindi
आगरा: बैंक के ठीक सामने हुई परिवार से लूट, बंदर ले भागे 2 लाख रूपये

नई दिल्ली: अब तक बन्दरों को आपने खाने पीने की चीजों को छीन कर भागते देखा और सुना होगा लेकिन बंदर कैश लूटकर फरार हो जाए ऐसी वारदात के बारे में आपने शायद ही सुना हो लेकिन एक ऐसी घटना ने पुलिस को भी सकते में डाल दिया है। बंदरों पर एक सर्राफ़ा कारोबारी से 2 लाख रुपये छीनने का आरोप है। पुलिस कैश छीन कर भागने वाले बंदर की तलाश कर रही है। ये हैरान करने वाली वारदात आगरा से आई है और लूट विजय बंसल और उनकी बेटी नैंसी के साथ हुई है।

बंसल एक सर्राफ हैं और उन्होंने दो लाख रूपये किसी का कर्ज़ अदा करने के लिये बड़ी मुश्किल से जमा किये थे। वे पैसा बैंक में जमाकर कर्ज़ लौटाना चाहते थे लेकिन बंदरों ने उनकी गाढ़ी कमाई लूट ली। विजय बंसल की बेटी नैन्सी ने बताया, “पापा को किसी के पैसे वापस करने थे तो हम बैंक में जमा करने गए थे। जैसे ही हम गेट पर पहुंचे तो देखा वहां चार पांच बंदर थे। बंदरों ने पापा से वह बैग छीन लिया। कुछ नोटों की गड्डियां तो उन्होंने फेंक दी लेकिन बाकी नोट को लेकर चले गए। हमारे घर में कल से खाना नहीं बना है। घर में सब लोग दुखी हैं। बड़ी मेहनत से पापा ने पैसा कमाया था।“

बंसल आगरा के धाकरान चौराहे पर मौजूद इंडियन ओवरसीज़ बैंक में दो लाख रूपये लेकर पहुंचे थे। एक बैग में नोटों के बंडल उनकी बेटी नैंसी के हाथ में थे। ओवरसीज़ बैंक के गेट पर उनके पहुंचते ही इन्हें चार-पांच बंदरों ने घेर लिया। बंदरों की नज़र नोटों के बैग पर थी। शायद उन्होंने बैग में खाने-पीने का सामान समझ लिया था। एक पल में बंदरों ने नैंसी पर हमला कर दिया। वे उसके हाथ से बैग लेकर फरार हो गये। बंदरों की इस हरकत पर बाप बेटी सकते में आ गये। वे बंदरों के पीछे भागे तब तक बंदर एक इमारत पर चढ़ गये। इस बीच उनके पास से 10-10 हजार की 6 गड्डियां छूट गईं लेकिन बाकी 1 लाख ,40 हज़ार कैश लेकर बंदर भाग गये।

बंदरों के इमारतों से छलांग लगाकर गायब होते ही बंसल ने पुलिस को इस लूट की खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। लुटेरों बंदरों की तलाश भी हुई लेकिन लुटेरे बंदरों का पता नहीं चल सका। एक तरफ बंसल पुलिसवालों से आस लगाये बैठे हैं, इस सोच में डूबे हैं कि कहीं से उन्हें नोटों के बंडल मिलने की खबर मिले लेकिन अब तक पुलिस को न तो कोई ऐसी जानकारी ही मिली है ना ही लुटेरे बंदरों की फरार गैंग का कोई पता ही चल सका है।

यह लूट ऐसी है जिसके सदमे से बंसल परिवार उबर नहीं पा रहा है। तनाव इतना है कि उनका किसी बात में मन नहीं लग रहा। पुलिस भी इस अनोखी लूट की रिपोर्ट लिखकर भगवान भरोसे बैठी है। इधर इस अजब लूट को लेकर शहर के लोग अलर्ट हो गये हैं। इसकी वजह शहर के कई इलाकों में बंदरों का कब्ज़ा है। खाने-पीने की चीज़ों को झपटकर ले भागने वाले बंदर अगर अब बैंकों के पास लोगों के बैग छीनकर भागने लगेंगे तो लोगों का डरना लाज़िमी है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत