1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. योगी सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद: अखिलेश यादव

योगी सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद: अखिलेश यादव

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 14, 2021 07:41 pm IST,  Updated : Feb 14, 2021 07:41 pm IST

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर राज्य में शांति-व्यवस्था कायम करने में पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।

योगी सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद: अखिलेश यादव- India TV Hindi
योगी सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर राज्य में शांति-व्यवस्था कायम करने में पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में खुलेआम अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। बदहाल कानून व्यवस्था का आलम यह है कि पुलिस के अधिकारियों पर भी हमले होने लगे हैं।’’ 

प्रयागराज में एक फौजी की हत्या, ग्रेटर नोएडा में एक अपहृत बच्चे का कत्ल और औरैया में एक सर्राफा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास दृढ़ इच्छाशक्ति का अभाव है और सरकार सूबे में शांति व्यवस्था कायम करने में पूरी तरह विफल हो गयी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बिगड़ती छवि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश की जनता को शांत और भयमुक्त बनाने की दिशा में कड़े फैसले लेने चाहिए। 

उन्होंने कहा कि अराजकता और अपराध में संलिप्त दाषियों को दंडित कर कानून को प्राथमिकता देना सरकार का लक्ष्य होना चाहिए लेकिन जब भाजपा सरकार का एजेंडा समाज का सद्भाव बिगाड़ना हो तो कानून का राज स्थापित कैसे होगा? उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश की जनता को अपराध मुक्त होने का झूठा सपना दिखाकर जनमत हासिल करने वाली भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। प्रदेश को खुशहाली, और प्रगति के रास्ते पर ले जाने के लिए समाजवादी सरकार बेहद जरूरी है।’’ 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत