नोएडा: जनपद गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 और लोग संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उपचार के बाद ठीक हुए तीन लोगों को आज अस्पताल से छुट्टी भी दी गई। जिला निगरानी अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि नोएडा के रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति को 29 मई को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। शनिवार को उनकी मौत हो गई।
Related Stories
उन्होंने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से सात लोगों की मौत हो चुकी है। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि शनिवार को आई कोविड-19 की 23 रिपोर्ट में 17 मामलों में संक्रमण पाया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 404 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 293 लोग उपचार के बाद ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जहां पर आज कोविड-19 के मरीज पाए गए हैं, उन जगहों पर कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत सेनिटाइजेशन आदि का कार्य शुरू कर दिया गया है।