1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. चक्रवाती तूफान 'ताउते' का असर, उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी की संभावना

चक्रवाती तूफान 'ताउते' का असर, उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी की संभावना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 17, 2021 10:12 pm IST,  Updated : May 17, 2021 10:12 pm IST

महाराष्ट्र तथा अन्य पश्चिमी तटीय इलाकों में कहर ढा रहे चक्रवाती तूफान 'ताउते' का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा और आने वाले दिनों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 

Cyclone Tauktae impact: Uttar Pradesh meteorological department forecast heavy rain in many cities- India TV Hindi
महाराष्ट्र तथा अन्य पश्चिमी तटीय इलाकों में कहर ढा रहे तूफान 'ताउते' का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा। Image Source : PTI

लखनऊ: महाराष्ट्र तथा अन्य पश्चिमी तटीय इलाकों में कहर ढा रहे चक्रवाती तूफान 'ताउते' का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा और आने वाले दिनों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जे पी गुप्ता ने सोमवार को बताया कि चक्रवाती तूफान 'ताउते' का असर जल्द ही उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा और इसके परिणाम स्वरूप आगामी 19 मई को राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं,तूफान के साथ साथ पश्चिमी विक्षोभ भी अपना असर दिखाएगा, नतीजतन बारिश का सिलसिला 20 मई तक जारी रहने का अनुमान है। 

इस बीच, मौसम केंद्र से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। इस अवधि में गोरखपुर मंडल में दिन के तापमान में खासी बढ़ोत्तरी हुई। 

इसके अलावा गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली तथा मेरठ मंडलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

वहीं, अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान के मुंबई से होते हुए गुजरात तट की ओर जाने के दौरान आज अपराह्न शहर में 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मुंबई की वरिष्ठ निदेशक शुभांगी भुटे ने बताया कि मौसम विभाग के मुंबई केन्द्र के अनुसार सबसे तेज हवा 108 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आज दोपहर कोलाबा वेधशाला में दर्ज की गई। 

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा दिन में जारी बयान के अनुसार, दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में अफगान चर्च स्थित मौसम विभाग के केंद्र ने दोपहर करीब दो बजे हवा की रफ्तार 114 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की। बीएमसी ने बताया कि इसी समय पर कोलाबा वेधशाला ने हवा की रफ्तार 108 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की।

ये भी पढ़ें

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत