बलिया: अपने बयानों के लिये अक्सर चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा उपचुनावों में कल अपनी पार्टी की हार का ठीकरा उत्तर प्रदेश सरकार, उसके मंत्रियों और नौकरशाही के सिर फोड़ते हुए आज कहा कि अगर वे मंत्री अपने पद पर बने रहे तो भाजपा का गर्त में जाना तय है। सिंह ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में उपचुनाव परिणाम का ठीकरा प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के सिर फोड़ते हुए कहा कि पराजय के लिये मुख्यमंत्री योगी कम, उनके मंत्री ज्यादा जिम्मेदार हैं।
Related Stories
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के आधे मंत्रियों के कामकाज का तरीका अच्छा नहीं है। वे पार्टी कार्यकर्ताओं की बातों को तवज्जो नहीं दे रहे हैं। सरकार में अगर ऐसे मंत्री अपने पद पर बने रहे तो भाजपा दिनोंदिन गर्त में जायेगी।
उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति थाने, तहसील और ब्लॉक पर अपनी समस्या लेकर जायेगा और उसकी सुनवायी नहीं होगी तो वह भाजपा को वोट नहीं देगा। भाजपा पारदर्शी सरकार नहीं दे सकी है। थाना, तहसील और ब्लॉक के स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण चुनाव में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिया से भाजपा विधायक सिंह ने कहा कि वह देश में लोकसभा और विधानसभा की विभिन्न सीटों के उपचुनावों में भाजपा की पराजय के लिये पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों की भी भूमिका बताने वाले जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के महासचिव के. सी. त्यागी के बयान से सहमत हैं।