1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. प्रियंका गांधी की ‘गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी की ‘गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2019 05:11 pm IST,  Updated : Jul 19, 2019 05:30 pm IST

कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने पार्टी की सभी राज्य इकाइयों और विभागों को निर्देश दिया है कि वे भाजपा सरकार द्वारा आम लोगों पर किए जा रहे अत्याचारों का विरोध करें।

KC Venugopal- India TV Hindi
KC Venugopal

 

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सामूहिक हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने जा रहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ‘गिरफ्तारी’ और भाजपा सरकार में आम लोगों के विरूद्ध ‘अत्याचारों’ के खिलाफ जल्द ही पूरे देश में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी कांग्रेस प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विभागों को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पार्टी ने यह फैसला भी किया है कि इस गिरफ्तारी और भाजपा सरकार में आम लोगों के खिलाफ हुए अत्याचारों के खिलाफ पूरे देश में धरना-प्रदर्शन किया जाए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ आप से आग्रह किया जाता है कि आप इन धरना-प्रदर्शन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।’’ 

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘सोनभद्र में गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलने के लिए जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व़ाड्रा की गिरफ्तारी की हम निंदा करते हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद से योगी सरकार में अपराध बढ़ने के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रियंका गांधी को तत्काल रिहा किया जाए और उन्हें सोनभद्र में पीड़ित परिवारों से मिलने की इजाजत दी जाए।’’ 

गौरतलब है कि प्रियंका को शुक्रवार को सोनभद्र जाने से प्रशासन ने रोक दिया। वह बुधवार को हुए इस सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहीं थी। 
प्रियंका प्रशासन के इस कदम के विरोध में धरने पर बैठ गईं। गत 17 जुलाई को सोनभद्र में जमीन विवाद में एक ग्राम प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर गोलीबारी की जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। 

 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत