1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, उत्तर प्रदेश में क्षत्रियों को मिले 15 प्रतिशत आरक्षण

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, उत्तर प्रदेश में क्षत्रियों को मिले 15 प्रतिशत आरक्षण

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 27, 2021 06:50 pm IST,  Updated : Feb 27, 2021 06:50 pm IST

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी बिरादरी के लोग जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन गुजारा करते हैं उन्हें आरक्षण मिलना चाहिए।

Ramdas Athawale, Ramdas Athawale news, Ramdas Athawale target congress- India TV Hindi
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने उत्तर प्रदेश में क्षत्रियों को 15 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की है। Image Source : PTI

लखनऊ: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने उत्तर प्रदेश में क्षत्रियों को 15 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की है। महाराष्ट्र में दलितों के बड़े नेता आठवले शनिवार को लखनऊ में थे। उन्होंने कहा, ‘किसी भी बिरादरी के लोग जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन गुजारा करते हैं उन्हें आरक्षण मिलना चाहिए।’ उन्होंने क्षत्रिय समाज के लिए 15 फीसदी आरक्षण की मांग की। उन्होंने किसान आंदोलन के बारे में कहा कि हमारी सरकार किसानों के खिलाफ नहीं है, हम लोग उनका समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों की वापसी की मांग ठीक नहीं है क्योंकि अगर एक कानून वापस लिया गया तो आगे इसी तरह और भी मांगें होती रहेंगी।

प्रियंका गांधी वाड्रा के वाराणसी दौरे पर ली चुटकी

आठवले ने किसान नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसान नेता किसानों को तकलीफ दे रहे हैं। जातीय जनगणना की पैरवी करने के साथ ही आठवले ने कहा कि महाराष्ट्र में मराठा, राजस्थान में जाट और उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय आरक्षण मांग रहे हैं। सरकार से वह मांग कर रहे हैं कि इन सभी को 10-15 फीसदी आरक्षण मिलना चाहिए। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के शनिवार के वाराणसी दौरे पर तीखी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा मंदिर या कहीं भी जाएं, कांग्रेस में राहुल गांधी के रहते उस पार्टी का भला नहीं हो सकता।

बीजेपी से यूपी में मांगी 5-6 सीटें
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी से RPI को यूपी में 5 से 6 सीटें देने की अपील की है। वहीं, उन्होंने जातिगत जनगणना करने की मांग करते हुए कहा कि इससे जातिवाद नहीं बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस दौरान उनकी पार्टी सभी राज्यों में चुनाव लड़ेगी। एनडीए सरकार में सहयोगी आरपीआई के अध्यक्ष ने कहा कि सभी जगह भारतीय जनता पार्टी से सीटों को लेकर बात चल रही है। जहां भी सीटों पर समझौता नहीं हो पाएगा, वहां हम एनडीए को समर्थन देंगे। उनका कहना था कि चार राज्यों में भाजपा की जीत लगभग तय है, केरल में भी भाजपा जीत सकती है।

‘मायावती RPI में आएं तो उन्हें अध्यक्ष बना देंगे’
आठवले ने उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की सक्रियता के सवाल पर कहा कि वह कोई खास प्रभाव डालने वाले नहीं हैं। वह चाहें तो आरपीआई में आ जाएं। साथ ही बसपा प्रमुख मायावती भी अगर आरपीआई में आ जाएं तो उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने जा रहे हैं। बढ़ती महंगाई के सवाल पर रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को कुछ टैक्स कम करने चाहिए।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत