Highlights
- सड़क के निकटवर्ती इलाके ‘कमला नगर’ में रहने वाले महाराज अग्रसेन के अनुयायियों की मांग पर नाम बदला गया है।
- मुगल रोड का नाम बदलने की घोषणा महाराजा अग्रसेन के अनुयायियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में की गयी।
- पार्षद सुषमा जैन ने कहा कि यह महाराज अग्रसेन के अनुयायियों के लिए सम्मान की बात है।
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में मुगल रोड का नाम बदलकर ‘महाराजा अग्रसेन रोड’ कर दिया गया है। आगरा के महापौर नवीन जैन ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क के निकटवर्ती इलाके ‘कमला नगर’ में रहने वाले महाराज अग्रसेन के अनुयायियों की मांग पर बदला गया है। जैन ने बताया कि गुरुवार को ही शहर के ‘सुल्तानगंज की पुलिया’ का नाम बदलकर ‘विकल चौक’ किया गया है। महापौर ने बताया कि मुगल रोड का नाम बदलने की घोषणा महाराजा अग्रसेन के अनुयायियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में की गयी।
Related Stories
जैन ने बताया, ‘सड़क का नाम बदलने की मांग पर 27 सितंबर को आगरा नगर निगम की कार्यकारी समिति में प्रस्ताव पारित किया गया जिसे बाद में निकाय के सदन में मंजूरी दी गई। हमें नहीं पता कि विकल चौक से कमला नगर की सड़क का नाम मुगल रोड कैसे पड़ा, लेकिन आने वाली पीढी इस सड़क का संबंध महाराज अग्रसेन से होने पर प्रेरणा प्राप्त करेगी।’ आगरा नगर निगम के वार्ड संख्या 75 से पार्षद सुषमा जैन ने कहा कि यह महाराज अग्रसेन के अनुयायियों के लिए सम्मान की बात है।
सुषमा जैन ने कहा, ‘मुगल रोड गुलामी का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन महाराज अग्रसेन का नाम आने वाली पीढियों को प्रेरित करेगी।’ बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीते कुछ सालों में कई बड़े शहरों के नाम भी बदले गए हैं। इसी कड़ी में फैजाबाद को उसका पुराना नाम अयोध्या और इलाहाबाद को उसका प्राचीन नाम प्रयागराज दिया गया है। इसके अलावा गोरखपुर में भी कई मोहल्लों के नाम बदले गए हैं।