1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. नोएडा में एक पुलिस अधिकारी और तीन पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित

नोएडा में एक पुलिस अधिकारी और तीन पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 18, 2020 03:01 pm IST,  Updated : Sep 18, 2020 03:01 pm IST

गौतमबुद्ध नगर में एक अपर पुलिस उपायुक्त तथा तीन थानाध्यक्ष कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें मिला कर संक्रमण की चपेट में आए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 217 हो गई है।

नोएडा में एक पुलिस अधिकारी और तीन पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित- India TV Hindi
नोएडा में एक पुलिस अधिकारी और तीन पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित Image Source : FILE PHOTO

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर में एक अपर पुलिस उपायुक्त तथा तीन थानाध्यक्ष कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें मिला कर संक्रमण की चपेट में आए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 217 हो गई है। सहायक पुलिस आयुक्त (कोविड-19 सेल) आशुतोष कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 217 पुलिसकर्मी संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जिनमें से 141 उपचार के दौरान ठीक हो कर घर जा चुके हैं, वहीं 75 का यहां के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। 

उन्होंने बताया कि एक पुलिसकर्मी की संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है। शुक्रवार को जिले में कोविड-19 के 141 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद जिले में संक्रमण के मामले बढ़कर 11,043 हो गए हैं। वहीं, पूरे राज्य की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा बृहस्पतिवार शाम जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण से 81 लोगों की मौत के साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,771 हो गई है।

बुलेटिन के अनुसार, लखनऊ, कानपुर नगर और गोरखपुर में छह-छह से लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा वाराणसी और उन्नाव में पांच-पांच, महाराजगंज और मथुरा में चार-चार मेरठ, झांसी, शाहजहांपुर, बुलंदशहर और फतेहपुर में तीन-तीन, प्रयागराज, बरेली, मुजफ्फरनगर, सोनभद्र, रायबरेली और ललितपुर में दो-दो तथा अलीगढ़, सहारनपुर, देवरिया, बलिया, हरदोई, गाजीपुर, बस्ती, सुल्तानपुर, बहराइच, बिजनौर, संत कबीर नगर, अमरोहा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शामली, जालौन, औरैया तथा बागपत में कोविड-19 संक्रमित एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 

बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 6318 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि की गई। लखनऊ में सबसे ज्यादा 908 मामले आए हैं। इसके अलावा कानपुर नगर में 413, प्रयागराज में 367, गाजियाबाद में 300, मेरठ में 254, गोरखपुर में 219, वाराणसी में 214 और गौतमबुद्धनगर में 206 नए मरीजों का पता लगा है। 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में अब तक संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 3,36,294 हो गई है। हालांकि इनमें से 2,63,288 लोग इस संक्रमण से पूरी तरह उबर चुके हैं। प्रसाद ने बताया कि राज्य में कोविड-19 से उबरने की दर 78.29% है। वहीं, सितंबर में संक्रमण की दर 4.7% दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रदेश में 1,51,693 नमूनों की जांच की गई। प्रदेश में अब तक करीब 80 लाख 90 हजार नमूने जांचे जा चुके हैं। राज्य में इस वक्त कोविड-19 संक्रमण के उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या 68,235 है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत