1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. प्रियंका गांधी ने BJP सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से की, कहा- आजादी के वक्त भी लड़े थे

प्रियंका गांधी ने BJP सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से की, कहा- आजादी के वक्त भी लड़े थे

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 28, 2019 02:57 pm IST,  Updated : Dec 28, 2019 02:57 pm IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से करते हुए शनिवार को कहा कि आज देश में वही शक्तियां सत्ता पर काबिज हैं जिनसे हम आजादी के वक्त लड़े थे।

Congress General Secretary for UP (East) Priyanka Gandhi Vadra in Lucknow.- India TV Hindi
Congress General Secretary for UP (East) Priyanka Gandhi Vadra in Lucknow. Image Source : ANI

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से करते हुए शनिवार को कहा कि आज देश में वही शक्तियां सत्ता पर काबिज हैं जिनसे हम आजादी के वक्त लड़े थे। कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस पर यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “आज देश संकट में है। देश के कोने-कोने से सरकार विरोधी स्वर उठ रहे हैं मगर सरकार दमन और भय से उन्हें दबाना चाहती है। जब-जब ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है ,कांग्रेस उठकर चुनौती स्वीकार करती है। हमारे दिल में हिंसा और डर की कोई जगह नहीं है।” 

उन्होंने परोक्ष रूप से भाजपा की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से करते हुए उस पर समाज में फूट डालने और जनता की आवाज को दबाने का आरोप लगाया और कहा ''आज देश में वही शक्तियां सरकार में हैं जिनसे हमारा ऐतिहासिक टकराव रहा है। हम आज भी उसी विचारधारा से लड़ रहे हैं जिससे आजादी के वक्त लड़े थे।'' प्रियंका ने कहा कि भाजपा संविधान के खिलाफ कानून बनाती है और फिर विरोध करने वालों का दमन करती है। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत देश के अनेक हिस्सों में लोगों की हत्या की गयी और जिन्हें नहीं मारा जा सका, उन्हें जेल में डाल दिया गया। उनका कुसूर सिर्फ इतना था कि वे गलत के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता की आवाज को डर और हिंसा के बिना उठाने का आह्वान करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा ''अगर हम आज आवाज नहीं उठाएंगे तो कायर साबित होंगे।''

उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा ''जो डरता है वह अपने दुश्मन का मुंह या तो हिंसा से बंद करता है या फिर पीछे हट जाता है। भाजपा ने जनता की आवाज को कायरता और हिंसा से दबाया और अब पीछे हट रही है कि हमने एनआरसी पर नहीं बल्कि एनपीआर पर चर्चा की है। देश आपकी कायरता को पहचान रहा है।'' प्रियंका ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हर धर्म और जाति के लोग शहीद हुए। यहां की मिट्टी में सभी का खून मिला है और इसे कोई अलग नहीं कर सकता।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत