1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी किसानों की एकता: अखिलेश यादव

भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी किसानों की एकता: अखिलेश यादव

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 06, 2021 05:23 pm IST,  Updated : Jun 06, 2021 05:23 pm IST

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा शासनकाल में किसानों को ‘गहरी चोट’ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आक्रोशित किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी। 

Akhilesh Yadav, Former Uttar Pradesh Chief Minister - India TV Hindi
Akhilesh Yadav, Former Uttar Pradesh Chief Minister  Image Source : PTI FILE PHOTO

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा शासनकाल में किसानों को ‘गहरी चोट’ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आक्रोशित किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी।

अखिलेश ने यहां एक बयान जारी कर कहा, ‘‘भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में सबसे ज्यादा हालत किसान की ही खराब हुई है। आर्थिक रूप से उस पर बहुत चोट हुई है। एक साल पहले काले कृषि कानूनों से भाजपा ने जो काली बुनियाद रखी उससे पूरी कृषि अर्थव्यवस्था ही चौपट हो गयी। इसके विरोध में किसानों का बड़ा आंदोलन जारी है। आज भी किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ है। किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि दोगुनी आय का सपना दिखाकर किसानों के वोट हथियाने वाली भाजपा के शासनकाल में किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य तक नहीं मिला। क्रय केंद्रों पर किसानों का अनाज नहीं खरीदा जा रहा है। नतीजतन हताश-निराश किसानों को अपनी फसल बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में चीनी मिलों पर किसानों का 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का गन्ना मूल्य बकाया है और किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा सरकार के किसान कल्याण के खोखले दावे सिर्फ विज्ञापनों तक ही सीमित रह गए हैं। किसान के इस्तेमाल की सभी चीजें महंगी करने और उसे दिए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करके भाजपा ने अपने विकास मॉडल की पोल खुद ही खोल ली है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की इन चालबाजियों से ऊबे किसान और त्रस्त जनता अब उसको करारा जवाब देने का संकल्प कर चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर ही किसानों के साथ न्याय होगा।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत