आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से बी. टेक. की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा में कोचिंग सेंटर जा रही बी. टेक. की छात्रा को 2 अज्ञात लोगों ने पकड़ लिया और जबरन यमुना नदी के किनारे ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों के वहां से जाने के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची, जिसके बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Related Stories
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बी. टेक. प्रथम वर्ष की छात्रा मंगलवार शाम अपनी स्कूटी से कोचिंग जा रही थी कि तभी बाइक पर आए 2 लोगों ने उसे रोका और पकड़ लिया। वे उसे जबरन पोइया घाट पर एक निर्जन स्थान पर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता के अनुसार, घटनास्थल पर 2 अन्य युवक भी मौजूद थे। चारों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बाद में वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उसे घर पहुंचने में मदद की।
पीड़िता के माता-पिता ने शाम को न्यू आगरा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक (सिटी) प्रशांत वर्मा ने कहा कि आरोपी फरार हैं। पीड़िता के सिर पर बुरी तरह चोट भी पहुंचाई गई थी। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।