लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार की ओर से समय पर की गई कार्रवाई की वजह से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम रहे। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 8000 मामले सूचित हुए हैं। इनमें से 5000 लोग पूर्णतया उपचारित होकर अपने घरों को जा चुके हैं और सक्रिय संक्रमण के मामलों की संख्या लगभग 3000 हैं।
Related Stories
उन्होंने कहा कि समय पर बरती गई मुस्तैदी और कोरोना महामारी को लेकर जागरूकता का ही नतीजा है कि इस संक्रमण के मामलों की संख्या उत्तर प्रदेश में कम है।
संक्रमण को रोकने के लिए और प्रयास किए जाने की आवश्यकता को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं पर योगी ने कहा कि उन्हें जमीनी हकीकत का एहसास नहीं है और वह अपने एयर कंडीशन ड्राइंग रूम में बैठकर महामारी के बारे में चर्चा कर रहे हैं।
इस बीच राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में वायरस के संक्रमण की जांच क्षमता बढ़कर 15000 सैंपल प्रतिदिन हो गई है और इस महीने के अंत तक यह 20000 सैंपल प्रतिदिन हो जाएगी।