1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी के डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने सपा-बसपा गठबंधन को लेकर कह दी यह बात

यूपी के डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने सपा-बसपा गठबंधन को लेकर कह दी यह बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 25, 2018 08:16 pm IST,  Updated : Mar 25, 2018 08:17 pm IST

मायावती ने वर्ष 1995 में हुए गेस्ट हाउस कांड के लिए सपा के लोगों पर जान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। उस समय भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनकी जान बचाई थी...

akhilesh yadav and mayawati- India TV Hindi
akhilesh yadav and mayawati

सोनभद्र (उ.प्र.): उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने आज कहा कि भाजपा को सत्ता में नहीं आने देने के लिए एकजुट हुई सपा और बसपा का गठबंधन, दरअसल कभी टूटा ही नहीं था। शर्मा ने यहां मोहिउद्दीपुर कोन में आयोजित विकलांग सम्मान समारोह से इतर संवाददाताओं से बातचीत में आगामी लोकसभा चुनाव के लिये सपा और बसपा के गठबंधन के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि इन दोनों पार्टियों का गठबन्धन तो कभी टूटा ही नहीं था।

उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार थी तब सपा और बसपा दोनों उसके साथ थे। हालांकि शर्मा ने कहा कि यह खेद का विषय है कि बसपा मुखिया मायावती पहले सपा को गुंडों की पार्टी कहती थीं और अब उसी पार्टी के साथ गठबंधन कर रही हैं।

मायावती ने वर्ष 1995 में हुए गेस्ट हाउस कांड के लिए सपा के लोगों पर जान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। उस समय भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनकी जान बचाई थी लेकिन आज ‘मोदी और योगी’ सत्ता में न आने पाएं, इसके लिए वह अपनी ही हत्या का प्रयास करने वालों के साथ गठबंधन कर रही हैं।

उन्होंने कांग्रेस का जिक्र करते हुए कहा कि उसने हाथ के ‘पंजे’ से देश को खूब लूटा-खसोटा। अब वह साइकिल (सपा का चुनाव निशान) का हैंडल और हाथी (बसपा का चुनाव चिह्न) की पूंछ पकड़कर लटक गई है।

प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग का भी जिम्मा सम्भाल रहे शर्मा ने एक सवाल पर कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू की जाएगी। अब सरकारी विद्यालयों में भी एनसीईआरटी की तर्ज पर पाठ्यक्रम लागू होंगे और शिक्षण सत्र अप्रैल माह से शुरू कर दिए जाएंगे।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत