लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जेलों में 500 से भी अधिक कैदियों ने कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहे मरीजों की देखभाल करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 2.30 लाख रुपए का सहयोग प्रदान किया है। जेल में सिलाई, बुनाई व बढ़ई इत्यादि का काम कर मिलने वाली मजदूरी से कैदियों ने ये पैसे जमा किए थे।
Related Stories
ये कैदी मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद और बागपत के जेलों में कैद हैं। जेल प्रशासन और सुधार सेवाएं महानिदेशक आनंद कुमार ने बताया कि यह महामारी के खिलाफ इस जंग में सरकार की मदद के लिए कैदियों के संकल्प को दर्शाता है।
कैदियों को जो वेतन मिलता है उसका उपयोग जेल कैंटीन से चीजों को खरीदने के लिए किया जाता है, लेकिन उन्होंने सरकारी कोष में इस रकम को दान में देने का निश्चय किया।
गाजियाबाद के कैदियों ने अधिकतम 84,600, मेरठ के कैदियों ने 81,700 और मुजफ्फरनगर के कैदियों ने 28,000 रुपए जुटाए थे।