1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. उत्तर प्रदेश: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पेशाब पिलाकर पीटा, 6 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पेशाब पिलाकर पीटा, 6 गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : May 09, 2018 03:44 pm IST,  Updated : May 09, 2018 03:44 pm IST

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक से कथित रूप से मारपीट की...

Representational Image | Pixabay- India TV Hindi
Representational Image | Pixabay

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक से कथित रूप से मारपीट की। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने युवक को अपना पेशाब भी पिलाया। इस मामले का वीडियो प्रसारित होने के बाद 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक यादव ने बुधवार को बदायूं में बताया कि बिनावर क्षेत्र के रहने वाले सर्वेश गुप्ता की बेटी की मंगलवार को हुई शादी में बरेली के देवचरा निवासी उनका रिश्तेदार रवि गुप्ता भी अपनी बहन के साथ पहुंचा था। 

उन्होंने बताया कि बारात में शामिल विमल नामक युवक ने कथित रूप से शराब के नशे में उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ कर दी, जिसको लेकर रवि और विमल के बीच मारपीट हो गई थी। उन्होंने बताया कि शादी के दौरान लोगों ने मामला शांत करा दिया था, मगर आरोप है कि विमल और उसके कुछ साथी जीप से देवचरा कस्बे में रवि के घर पहुंचे और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर बिनावर कस्बे ले आए। यादव ने बताया कि ऐसा आरोप है कि रवि को कस्बे की गलियों में घुमाया गया और जबरन पैर पकड़वाए गए। 

यादव ने बताया कि दबंग लोग युवक को पकड़ कर गांव की चौपाल पर ले गए जहां लोग पहले से मौजूद थे। वहां उससे उठक-बैठक करवाई गई और बारी-बारी से सबके पैर छूने को कहा गया। यही नहीं, बाद में उसको पीटा गया और कथित तौर पर पेशाब भी पिलाया गया। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विमल समेत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत