1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. अखिलेश के गले की हड्डी बने प्रजापति: राज्यपाल ने लिखा पत्र तो भाजपा ने किया जोरदार हमला

अखिलेश के गले की हड्डी बने प्रजापति: राज्यपाल ने लिखा पत्र तो भाजपा ने किया जोरदार हमला

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 05, 2017 08:37 pm IST,  Updated : Mar 05, 2017 08:48 pm IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति लगता है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गले की हड्डी बन गये हैं। राज्यपाल राम नाईक ने अखिलेश को पत्र लिखकर सवाल किया है कि बलात्कार के

gayatri prajapati- India TV Hindi
gayatri prajapati

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति लगता है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गले की हड्डी बन गये हैं। राज्यपाल राम नाईक ने अखिलेश को पत्र लिखकर सवाल किया है कि बलात्कार के आरोपी मंत्री अभी तक उनकी कैबिनेट में क्यों बने हुए हैं जबकि भाजपा ने गायत्री को संरक्षण देने के लिए अखिलेश को कटघरे में खडा करते हुए मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की है।

भाजपा ने यह भी कहा कि प्रदेश विधानसभा नतीजे आने के बाद पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में गायत्री प्रजापति चाहे पाताल में ही क्यों ना हों, उन्हें खोजकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। राजभवन के एक प्रवक्ता के मुताबिक राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर एक महिला तथा उसकी नाबालिग पुत्री के साथ अपने साथियों सहित सामूहिक दुष्कर्म के आरोप को संज्ञान में लिया। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें

राज्यपाल ने कहा, इस प्रकार के मंत्री के कैबिनेट में बने रहने तथा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किये जाने से लोकतांत्रिक शुचिता, संवैधानिक मर्यादा और संवैधानिक नैतिकता का गंभीर प्रश्न उत्पन्न होता है। प्रवक्ता के मुताबिक पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री प्रजापति के कैबिनेट में बने रहने के औचित्य पर अपने अभिमत से उन्हें जल्द से जल्द अवगत करायें।

नाईक ने कहा कि मीडिया में आयी खबरों के अनुसार फरार चल रहे कैबिनेट मंत्री के विदेश भाग जाने की आशंका को देखते हुए केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। पासपोर्ट अधिकारी द्वारा उनका पासपोर्ट भी निलंबित कर दिया गया है। प्रजापति के राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर रहते हुए कथित रूप से किया गया अपराध नितांत गंभीर प्रकृति की घटना है।

राज्यपाल ने अपने पत्र में ये भी लिखा है कि समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विभिन्न चैनलों से ज्ञात हुआ है कि स्वयं मुख्यमंत्री ने भी सार्वजनिक रूप से कहा है कि प्रजापति को अविलंब आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। पत्र में आगे कहा गया, परंतु जैसा ज्ञात होता है कि प्रजापति द्वारा अभी तक आत्मसमर्पण नहीं किया गया है अपितु वह लगातार फरार चल रहे हैं और उनके विदेश भाग जाने की आशंका है।

राज्यपाल ने कहा कि समाचार पत्रों में आयी खबरों के अनुसार फरार चल रहे आरोपी मंत्री प्रजापति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी भी कर रही है। उधर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही बलात्कार के आरोपी मंत्री गायत्री प्रजापति को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

शाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा, गुनाहगारों का गिरेबान पकडो... आपसे नहीं होगा अखिलेश... ना करना हो तो ना करो.... 11 (मार्च) तारीख को भाजपा की सरकार बनेगी तो हम गायत्री प्रजापति को पाताल से भी ढूंढकर सलाखों के पीछे डाल देंगे।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत