1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. योगी सरकार के ढाई साल: सीएम ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, गिनाईं यूपी सरकार की उपलब्धियां

योगी सरकार के ढाई साल: सीएम ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, गिनाईं यूपी सरकार की उपलब्धियां

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 19, 2019 11:53 am IST,  Updated : Sep 19, 2019 01:42 pm IST

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को सत्ता संभाले आज ढाई साल पूरे हो गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के सामने पेश किया।

Yogi Adityanath- India TV Hindi
Yogi Adityanath

उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार को सत्‍ता संभाले आज ढाई साल पूरे हो गए। इस मौके पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के सामने पेश किया। सीएम योगी ने कहा कि सरकार के टीम वर्क के साथ राज्‍य सरकार ने काम किया जिसके परिणाम दिख रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जाति, धर्म से ऊपर उठकर सभी की भलाई के लिए काम किया है। 

ढाई साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन ढाई वर्ष में उनकी सरकार राज्य को सुशासन, सुरक्षा और विकास देने के साथ जनता के विश्वास का प्रतीक बनी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा ‘‘प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। हम प्रदेश में एक नई मेडिकल यूनिवर्सिटी व दो एम्स बना रहे हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना आदि को लागू कर सुशासन की नींव रखी गई।’’ 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘‘14 साल के वनवास के बाद 19 मार्च 2017 को राज्य में भाजपा की सरकार बनी। चुनौतियां कई थीं लेकिन हम मुश्किलों को मौकों में बदल कर यहां सुशासन लाने में कामयाब रहे। हमने ढाई साल में प्रदेश से पहचान के संकट को खत्म किया।’’ उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहे थे तब हमारी सरकार ने किसान कर्ज माफी योजना की शुरुआत की जिसके तहत 86 लाख किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज माफ किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘शिक्षा की गुणवत्‍ता को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। ढाई वर्ष में बेसिक स्कूलों में 50 लाख नये बच्चे पहुंचे और सभी के लिए स्वेटर, यूनिफार्म, किताबें, खाने आदि का इंतजाम किया गया ।’’ 

आदित्यनाथ ने कहा कि हमने शहरों में 24 घंटे, गांवों में 18 घंटे बिजली दी है जबकि इससे पहले कोई सरकार यह नहीं कर पाई। उन्होंने कहा ‘‘बीते ढाई वर्ष में राज्य में एक भी दंगा नही हुआ, दुर्दांत अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ कर भाग गये तथा डकैती, बलात्कार, लूट, फिरौती और बलवा के मामलों में भारी कमी आई है । प्रदेश में 41 नये थाने खोले गए हैं ।’’ प्रदेश सरकार के 30 माह पूरे होने पर आज मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास एवं सुशासन स्मारिका का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विमोचन किया।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत