1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. सपा ने मुसलमानों का इस्तेमाल बिरयानी में तेजपत्ता की तरह किया, UP के डिप्टी सीएम का बयान

सपा ने मुसलमानों का इस्तेमाल बिरयानी में तेजपत्ता की तरह किया, UP के डिप्टी सीएम का बयान

 Published : Nov 13, 2022 10:31 am IST,  Updated : Nov 13, 2022 10:31 am IST

यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा है कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने मुस्लिम समुदाय को 'बिरयानी में तेजपत्ता' की तरह इस्तेमाल किया है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हाल ही में बयान दिया है कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने मुस्लिम समुदाय को 'बिरयानी में तेजपत्ता' की तरह इस्तेमाल किया है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को रामपुर में पसमांदा समाज की एक सभा को संबोधित करते हुए ये बात कही। पाठक ने कहा, "कांग्रेस, सपा और बसपा ने वोट लेने के लिए हिंदुओं और मुसलमानों के बीच दुष्प्रचार अभियान चलाया।"

"विपक्ष ने हिंदू-मुस्लिमों के बीच गहरी खाई पैदा की"

ब्रजेश पाठक ने कहा, "विपक्ष ने केवल वोट हासिल करने के लिए हिंदुओं और मुसलमानों के बीच एक गहरी खाई पैदा कर दी है, बीजेपी सरकार ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है, जिसमें पसमांदा समुदाय के लोगों को शामिल न किया गया हो, उन्हें बीजेपी की हर योजना का लाभ मिला है।" इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले राज्य की क्या स्थिति थी और उसके बाद से यह कैसे बदल गया है, इससे सभी वाकिफ हैं।

"माफियाओं और डकैतों के कब्जे में थे थाने"
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले थाने माफियाओं और डकैतों के कब्जे में थे। भाजपा ने राज्य में एक बार फिर कानून का राज स्थापित किया और रामपुर के लोगों के लिए लखनऊ के दरवाजे हमेशा खुले हैं। लोगों को आगाह करते हुए कि चुनाव से पहले अन्य दलों के नेता लोगों के बीच गलत सूचना फैलाने की कोशिश करेंगे, पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' का नारा दिया है।

रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पाठक ने आगे कहा, "भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए काम किया है। आप सभी को रामपुर की सूरत बदलने के लिए अपना योगदान देने के लिए सामने आना चाहिए।" गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के गढ़ वाली रामपुर सीट आजम के विधायक पद से अयोग्य घोषित होने के बाद खाली हुई है। रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होना है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत