1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP Assembly: यूपी विधानसभा में दिवंगत भाजपा विधायक अरविंद गिरी को श्रद्धांजलि दी गई

UP Assembly: यूपी विधानसभा में दिवंगत भाजपा विधायक अरविंद गिरी को श्रद्धांजलि दी गई

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Sep 19, 2022 02:42 pm IST,  Updated : Sep 19, 2022 02:42 pm IST

UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लखीमपुर खीरी जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरी को सदन ने श्रद्धांजलि दी।

UP Assembly- India TV Hindi
UP Assembly Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • यूपी विधानसभा में दिवंगत भाजपा विधायक अरविंद गिरी को श्रद्धांजलि दी गई
  • मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गिरी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की
  • योगी ने कहा कि गिरी वर्तमान विधानसभा में पांचवीं बार सदस्य चुन कर आए थे

UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लखीमपुर खीरी जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरी को सदन ने श्रद्धांजलि दी। सत्र में पहले दिन मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) अनुपस्थित रही। सोमवार को विधानसभा सत्र की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना ने विधायक अरविंद गिरी के निधन की सूचना दी। नेता सदन और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गिरी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान विधानसभा के सदस्य अरविंद गिरी (64) का छह सितंबर 2022 को निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने गिरी के असमय निधन अत्यंत दुखद करार दिया। योगी ने कहा कि गिरी वर्तमान विधानसभा में पांचवीं बार सदस्य चुन कर आए थे।

सीएम योगी ने क्या कहा?  

वह 1996, 2002 और 2007 में लखीमपुर खीरी जिले की हैदराबाद सीट से (समाजवादी पार्टी से) चुने गये और 2017 तथा 2022 में इसी जिले की गोला गोकर्णनाथ सीट से (भाजपा से) निर्वाचित हुए। गिरी गोला नगर पालिका के अध्‍यक्ष भी रहे। योगी ने कहा कि अधिष्ठाता मंडल के सदस्य रहे गिरी विधानसभा की महत्वपूर्ण समितियों के भी सदस्य रहे। नेता सदन ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे और समाज के वंचितों के उत्थान तथा शिक्षा के प्रयास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।

सभी पार्टी के नेताओं ने किया याद

सदन में अपना दल (एस) के नेता राम निवास वर्मा, राष्‍ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विनोद सरोज और बहुजन समाज पार्टी के नेता उमाशंकर सिंह ने भी अरविंद गिरी के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके निधन पर दुख प्रकट किया।

दो मिनट मौन रहकर सदन ने श्रद्धांजलि दी गई

विधानसभा अध्‍यक्ष महाना ने गिरी के निधन पर दो मिनट मौन रहने का प्रस्ताव रखा। दो मिनट मौन रहकर सदन ने गिरी को श्रद्धांजलि अर्पित की और इसके बाद विधानसभा का कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक के लिए अध्‍यक्ष ने स्थगित कर दी। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत