1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Uttar Pradesh: गोला से सपा ने घोषित किया अपना उम्मीदवार, 3 नवंबर को होना है मतदान

Uttar Pradesh: गोला से सपा ने घोषित किया अपना उम्मीदवार, 3 नवंबर को होना है मतदान

 Published : Oct 08, 2022 01:55 pm IST,  Updated : Oct 08, 2022 02:02 pm IST

Uttar Pradesh: गोला गोकर्णनाथ के विधायक अरविंद गिरी का छह सितंबर को 64 साल की उम्र में निधन हो गया था। वह 1996, 2002 और 2007 में लखीमपुर-खीरी जिले की हैदराबाद सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे।

Samajwadi Party Vinay Tiwari declared its candidate from Gola - India TV Hindi
Samajwadi Party Vinay Tiwari declared its candidate from Gola Image Source : TWITTER

Highlights

  • बीजेपी ने भी घोषित कर दिया है अपना उम्मीदवार
  • हार्ट अटैक की वजह से हो गया था विधायक अरविंद गिरी का निधन
  • गोला गोकर्णनाथ सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होगा

Uttar Pradesh: समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव में विनय तिवारी को शनिवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। यह सीट पिछले महीने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरी के निधन के चलते खाली हो गई थी। सपा ने ट्विटर पर जारी बयान में कहा, “समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी द्वारा विनय तिवारी को जनपद लखीमपुर-खीरी की 139-गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है।” 

बीजेपी ने भी घोषित कर दिया है अपना उम्मीदवार 

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बीजेपी ने निवर्तमान विधायक स्वर्गीय विधायक अरविंद गिरी के बेटे अमन गिरी को टिकट दिया है। निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के मुताबिक, गोला गोकर्णनाथ सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होगा। मतों की गिनती छह नवंबर को की जाएगी। 

गोला गोकर्णनाथ के विधायक अरविंद गिरी का छह सितंबर को 64 साल की उम्र में निधन हो गया था। वह 1996, 2002 और 2007 में लखीमपुर-खीरी जिले की हैदराबाद सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। 2017 और 2022 में उन्होंने इसी जिले की गोला गोकर्णनाथ सीट से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। 

हार्ट अटैक की वजह से हो गया था निधन 

गौरतलब है कि गोला गोकर्णनाथ के तीरथ इलाके के रहने वाले गिरि (65) के परिवार में उनकी पत्नी सुधा गिरि, दो बेटे और दो बेटी हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, गिरि अपनी कार से लखनऊ जा रहे थे और उन्हें बेचैनी महसूस हुई और उन्हें सिधौली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने पार्टी के विधायक गिरि के आकस्मिक निधन की पुष्टि की और शोक व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना और मंत्रियों ने विधायक के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।

1995 में सक्रिय राजनीति में रखा कदम

गिरि ने सोमवार को कई कार्यक्रमों में भाग लिया था और गोला गोकर्णनाथ मंदिर के सर्वेक्षण की निगरानी के लिए भी गए थे। गोला इंटर कॉलेज में एक शारीरिक प्रशिक्षक के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले अरविंद गिरि ने 1995 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया, जब उन्हें गोला नगरपालिका के अध्यक्ष के रूप में चुना गया। 1996 में, उन्होंने समाजवादी पार्टी से हैदराबाद विधानसभा (अब गोला) सीट से चुनाव लड़ा और निर्वाचित हुए। उन्होंने 1996, 2002 और 2007 में सपा विधायक के रूप में विधानसभा में सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2017 में पार्टी बदल ली और अपने गोला निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। गिरि ने हाल ही में संपन्न उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी गोला सीट बरकरार रखी। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत