जम्मू: जम्मू एवं कश्मीर के बंटलाब इलाके में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 4 मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है, जबकि 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पूर्व सरपंच राजदेव सिंह ने बताया कि शुरुआत में कुल 6 मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे। उन्होंने कहा, 'मेरी जानकारी के अनुसार 6 मजदूर मलबे में फंसे थे, जिनमें से 2 को बचा लिया गया है। अभी 4 मजदूर अंदर फंसे हुए हैं। मौके पर सुरक्षा बल पहुंच चुके हैं और बचाव कार्य जारी है।'
Related Stories
मलबा हटाने के लिए JCB का इस्तेमाल
बताया जा रहा है कि राहत और बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें लगी हुई हैं। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय विधायक श्यामलाल शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। बीजेपी विधायक श्यामलाल शर्मा ने बताया कि यह एक पुराना पुल था, जिसकी नींव कमजोर हो गई थी। इसे मजबूत करने के लिए काम चल रहा था और उसी दौरान खुदाई (एक्सकेवेशन) की गई थी। उन्होंने कहा, 'संभव है कि ऊपर से किसी वाहन के गुजरने से कंपन (वाइब्रेशन) हुआ हो, जिसके कारण यह हादसा हुआ।'
घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप
शर्मा ने कहा कि फिलहाल 4 मजदूर फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों के परिजनों ने बताया कि वहां काम कर रहे 6 मजदूर ढांचा गिरने से मलबे के नीचे दब गए। सूत्रों के मुताबिक, फंसे लोगों में एक महिला मजदूर का पति, एक राजमिस्त्री, एक अविवाहित मजदूर और ठेकेदार का एक रिश्तेदार शामिल है। बता दें कि घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बचाव टीमें तेजी से काम कर रही हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि मलबे में फंसे मजदूरों को जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। हालांकि खबर लिखे जाने तक मजदूरों को बाहर निकाले जाने के बारे में कोई सूचना नहीं आई थी।