सांबाः जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को पकड़ा। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के सतर्क जवानों ने रामगढ़ सेक्टर में सीमा चौकी 'भल्लर' के सामने पाकिस्तान के एक बुजुर्ग नागरिक की संदिग्ध हरकत देखी और सीमा में घुसने का प्रयास करने पर उसे चेतावनी दी। अधिकारियों के अनुसार, जवानों की चेतावनी पर व्यक्ति ने आत्मसमर्पण कर दिया, हालांकि, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उसने अनजाने में सीमा पार की थी।
6 घंटे के भीतर पाकिस्तान भेजा गया
सेना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि बुधवार दोपहर जम्मू-कश्मीर के सांबा ज़िले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने 70 साल के एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को हिरासत में ले लिया। लेहरी खुर्द गांव के रहने वाले अब्दुल हुसैन को हिरासत में लिए जाने के छह घंटे के भीतर ही पाकिस्तान वापस भेज दिया गया, क्योंकि यह पता चला था कि उसने अनजाने में सीमा पार करके भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर लिया था।
कठुआ में सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण
वहीं, कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने बुधवार को जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा समीक्षा की और क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसएसपी ने पुलिस को इन इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए लगातार तलाशी अभियान चलाने का निर्देश भी दिया। अभियान अधिकारियों के साथ पहुंचीं कठुआ एसएसपी ने जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ लगे कई सीमा पुलिस चौकियों और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य जमीनी तैयारियों का आकलन करना और क्षेत्र में तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा करना था। उन्होंने संवेदनशील हरिया चक नर्सरी क्षेत्र में भी गश्त की, जहां एसएसपी ने संदिग्ध तत्वों की उपस्थिति का पता लगाने के लिए नियमित तलाशी के निर्देश दिए।