1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में फिर फटा बादल, भूस्खलन से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट-VIDEO

जम्मू-कश्मीर में फिर फटा बादल, भूस्खलन से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट-VIDEO

 Reported By: Manzoor Mir, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 02, 2025 04:59 pm IST,  Updated : May 02, 2025 05:27 pm IST

बादल फटने से नेशनल हाईवे-44 पर भूस्खलन हुआ है। इस कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया है। दोनों ओर से हाईवे को बंद कर दिया गया है। पुलिस की टीम और स्थानी अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर में फटा बादल- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर में फटा बादल Image Source : INDIA TV

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार को एक बार फिर बादल फट गया। सेरी रामबन के ऊपरी इलाकों में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। बादल फटने के कारण रामबन जिले में चंबा सेरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 44) पर भूस्खलन हुआ है। नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने से किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।

वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोकी गई

जिले के चंबा सेरी इलाके में भूस्खलन के बाद शुक्रवार दोपहर को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर दोनों तरफ से यातायात को रोका गया है। अचानक भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। सड़क को साफ करने का काम जारी है।

भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार शाम  को डल झील और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान चेतावनी जारी की गई कि डल झील, वुलर झील और अन्य झीलों में शिकारा की सवारी/नौका विहार न करें। शुक्रवार शाम को मौसम सही नहीं रहेगा। तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है।

चिनाब नदी का बढ़ा जलस्तर 

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वीडियो सलाल बांध से है।

 

20 अप्रैल को रामबन जिले में फटा था बादल

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में 20 अप्रैल 2025 को तड़के बादल फटने की घटना हुई थी। बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। इस घटना में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण 3 लोगों की मौत हो गई थी। कई मकान, दुकानें, और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। 

सेना ने चलाया राहत एवं बचाव कार्य

बाादल फटने के बाद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे भी भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। यातायात प्रभावित हुआ था। स्थानीय प्रशासन और सेना ने राहत और बचाव कार्य किए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।