1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पहलगाम में बादल फटने से तबाही, होटलों-घरों में घुसा पानी, पर्यटक हुए शिफ्ट; VIDEO में देखें मंजर

पहलगाम में बादल फटने से तबाही, होटलों-घरों में घुसा पानी, पर्यटक हुए शिफ्ट; VIDEO में देखें मंजर

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Malaika Imam
 Published : Jul 12, 2026 07:23 am IST,  Updated : Jul 12, 2026 07:55 am IST

पहलगाम में हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जिसकी वजह से कई होटलों और घरों में पानी घुस गया। बताया जा रहा है कि बादल फटने के कारण यह स्थिति पैदा हुई।

पहलगाम में फ्लैश फ्लड से मची अफरा-तफरी- India TV Hindi
पहलगाम में फ्लैश फ्लड से मची अफरा-तफरी Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के कुछ हिस्से में शनिवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। इसके कारण क्षेत्र के कई होटलों और घरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:00 बजे से रात 9:30 बजे के बीच इलाके में लगातार और बेहद भारी बारिश हुई। इसी दौरान रात 8:00 से 9:00 बजे के बीच अचानक बाढ़ आ गई। माना जा रहा है कि पहलगाम के आवूरा और देहवाथू के जंगली इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल फटने के कारण यह स्थिति पैदा हुई।

इस भारी बारिश की वजह से क्षेत्र से गुजरने वाले एक नाले में अचानक उफान आ गया। यह नाला आगे जाकर बटकुट के पास लिद्दर नाले में मिलता है। बाढ़ का पानी कम से कम 3 से 4 होटलों और कुछ घरों में घुस गया।

होटलों में पानी भरने के तुरंत बाद पर्यटकों को बाहर निकालकर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया। तेज बारिश के कारण पिछले कुछ घंटों में शेषनाग नाले और लिद्दर नाले दोनों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। हालांकि, दोनों ही जलस्रोत अभी अपने अलार्म लेवल से नीचे बह रहे हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

डोडा में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़

बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से थाथरी शहर का ऊपरी इलाका प्रभावित हुआ है। बाढ़ से कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश की वजह से अचानक बाढ़ आ गई जिससे बड़े-बड़े पत्थर, कीचड़ और मलबा थाथरी शहर में आ गया। कीचड़ और बड़े पत्थरों के बहकर आने और घरों एवं दुकानों से टकराने के कारण इन संरचनाओं को आंशिक नुकसान पहुंचा। सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ गाड़ियां बाढ़ के पानी के साथ बहकर चिनाब नदी में चली गईं। अचानक आई बाढ़ के बाद थाथरी के पास डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग भी बंद हो गया जिससे क्षेत्र में गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई। जिला प्रशासन ने सड़क संपर्क बहाल करने और नुकसान का जायजा लेने के लिए पुलिस और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर सफाई अभियान शुरू किया।

ये भी पढ़ें-

सीएम उमर अब्दुल्ला का आरोप- ''बीजेपी कर रही पार्टी तोड़ने की कोशिश, विधायकों को दिए जा रहे प्रलोभन''

फर्जी हलफनामे से पाई थी पुलिस की नौकरी, 27 साल बाद कोर्ट ने सुनाई सजा; जानें मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।