1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा, ठंड का प्रकोप बढ़ा

कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा, ठंड का प्रकोप बढ़ा

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Dec 07, 2023 03:08 pm IST,  Updated : Dec 07, 2023 03:12 pm IST

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की वजह से कई जगहों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने 15 दिसंबर तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है।

कश्मीर घाटी में बर्फबारी- India TV Hindi
कश्मीर घाटी में बर्फबारी Image Source : PTI

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। घाटी में ठंड बढ़ने के कारण कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम था। उन्होंने कहा कि बुधवार की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया वहीं काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कुपवाड़ा में यह शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

15 दिसंबर तक बर्फबारी का अनुमान

मौसम कार्यालय ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि 11 दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। विभाग ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी का अनुमान है।  बता दें कि कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। इसकी वजह से पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।