1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान, श्रीनगर में ठंड ने बनाया नया रिकॉर्ड

जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान, श्रीनगर में ठंड ने बनाया नया रिकॉर्ड

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Mangal Yadav
 Published : Dec 09, 2023 02:49 pm IST,  Updated : Dec 09, 2023 02:57 pm IST

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी- India TV Hindi
कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी Image Source : FILE

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। श्रीनगर में आज की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। आज रात श्रीनगर में तापमान माइनस 4.6 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में शुक्रवार की रात तापमान बृहस्पतिवार को दर्ज हुए शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले दो डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में दर्ज हुआ तापमान इस मौसम का सबसे कम तापमान है। 

पहलगाम सबसे ठंडा स्थान 

कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह स्थान वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए तय आधार शिविरों में से एक है। उन्होंने बताया कि बारामूला जिले के प्रसिद्ध रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो बृहस्पतिवार रात शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था।

12 दिसंबर से बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग शहर में शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि 11 दिसंबर तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात में तापमान में कुछ डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कार्यालय ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। 

कहां पर कितना तापमान हुआ दर्ज

श्रीनगर= -4.6°C

काजीगुंड= -2.8°C
पहलगाम= -5.0°C
कुपवाड़ा= -3.0°C
कोकेरनाग= -2.3°C
गुलमर्ग= -4.2°C
अनंतनाग= -4.3°C
गान्दरबल= -3.3°C
पुलवामा = -4.7°C
बांदीपोरा = -4.3°C
बारामुला= -3.8°C
बड़गाम= -3.5°C
कुलगाम= -1.9°C
शोपियां= -5.9°C 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।