श्रीनगर: पुलिस ने दिल्ली में लाल किले के पास विस्फोट में इस्तेमाल कार चलाने के संदिग्ध व्यक्ति की मां को मंगलवार को DNA जांच के लिए जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में बुलाया। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने विस्फोट स्थल पर मिले अंगों से मिलान करने के लिए संदिग्ध की मां को डीएनए सैंपल लेने के लिए बुलाया है।’’ उन्होंने बताया कि डॉ. उमर नबी कथित तौर पर उस हुंडई i20 कार को चला रहा था जिसका इस्तेमाल सोमवार को दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास हुए विस्फोट में किया गया था, जिसमें कम से कम 12 लोग मारे गए थे।
मां के साथ अस्पताल पहुंचे 2 भाई, पिता भी हिरासत में
वह पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला था। संदिग्ध के दो भाई अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में इस्तेमाल कार की खरीद-फरोख्त से जुड़े तीन लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। डॉ. उमर नबी के पिता गुलाम नबी भट को पुलिस ने पुलवामा के कोइल स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया।
उमर की भाभी ने क्या कहा?
उमर नबी की भाभी मुजम्मिल ने कहा कि परिवार को विश्वास नहीं हो रहा है कि वह आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त हो सकता है। मुजम्मिल ने बताया कि उनका देवर बचपन से ही अंतर्मुखी था, उसके ज्यादा दोस्त नहीं थे और वह अपनी पढ़ाई और काम पर ही ध्यान देता था। मुजम्मिल ने बताया, ‘‘वह फरीदाबाद के एक कॉलेज में पढ़ाता था। उसने शुक्रवार को फोन करके बताया था कि वह परीक्षाओं में व्यस्त है और 3 दिन बाद घर लौटेगा। वह बचपन से ही थोड़ा संकोची स्वभाव का था।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि उमर ऐसा व्यक्ति नहीं है जो आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त हो। हमने यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत संघर्ष किया कि वह शिक्षित हो जाए ताकि वह अपना और परिवार का ध्यान रख सके। यह अविश्वसनीय है।’’
उन्होंने बताया कि उमर दो महीने पहले कश्मीर आया था। दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि धमाके में अमोनियम नाइट्रेट, ईंधन तेल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया होगा।
गृह मंत्रालय ने NIA को सौंपी मामले की जांच
सूत्र ने बताया कि इसका संबंध फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़ता प्रतीत होता है, जहां 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और ज्वलनशील पदार्थ जब्त किए गए थे। उन्होंने बताया, ‘‘अंतिम रिपोर्ट का इंतज़ार है।’’ पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम के तहत FIR दर्ज की, जो आतंकवादी हमले की सजा और साजिश से संबंधित हैं। गृह मंत्रालय ने इस मामले की जांच NIA को सौंप दी है। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
Red Fort Blast: धमाके से पहले कहां-कहां गई थी कार? सामने आई एंट्री और लोकेशन से जुड़ी जानकारी
दिल्ली में जिस कार में हुआ धमाका, उसके ठीक पीछे था ये ऑटो, जानिए ड्राइवर ने क्या बताया?