उत्तर भारत समेत कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिन के समय लू (Heat Wave) चल रही है। यूपी के बांदा जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इसके उलट पहाड़ी राज्य की बात करें तो कश्मीर का मौसम बदल गया है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
बर्फ की चादर में ढके पहाड़
कश्मीर के ज़ोजिला दर्रा से बर्फबारी का वीडियो सामने आया है। ज़ोजिला दर्रा के सभी पहाड़ सफेद रंग की बर्फ से ढके हुए हैं। सड़कों पर भी मोटी बर्फ जमा हुई है। कश्मीर में मौसम बदलने के बाद से ये बर्फबारी लगातार हो रही है। कश्मीर का मौसम ठंडा हो गया है।
कश्मीर के इन इलाकों में हुई बर्फबारी
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सीमावर्ती गुरेज क्षेत्र, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज़ोजिला दर्रा और सोनमर्ग में बर्फबारी हुई। घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
भारी बारिश से जलभराव की समस्या
हालांकि, बारिश के कारण कश्मीर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बांदीपोरा में दो रिहायशी घरों और साथ ही एक दारुल उलूम (इस्लामी मदरसा) को बारिश के चलते नुकसान पहुंचा है।
25 मई तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में 25 मई तक रुक-रुककर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। फिलहाल, राहत की बात यह है कि लोगों को गर्मी से निजात मिली है, क्योंकि मई के महीने में कश्मीर में तापमान सामान्य स्तर से 6 डिग्री ऊपर पहुंच गया था।
बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ एक या दो बार बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें:
NTA अध्यक्ष ने संसदीय कमेटी के सामने NEET परीक्षा को नहीं माना Leak Paper, जानिए क्या दिया तर्क
VIDEO: मिथिला एक्सप्रेस में आग लगने से पहले का CCTV फुटेज आया सामने, रेलवे ने किया चौंकाने वाला दावा