1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू कश्मीर: कठुआ के बिलावर में 3 लोगों के शव बरामद, इलाके में तनाव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह का सामने आया बयान

जम्मू कश्मीर: कठुआ के बिलावर में 3 लोगों के शव बरामद, इलाके में तनाव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह का सामने आया बयान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 09, 2025 11:44 am IST,  Updated : Mar 09, 2025 11:45 am IST

शवों की बरामदगी के बाद आज बिलावर बंद का आह्वान किया गया, जिससे सुबह से ही फिंटर चौक और बिलावर बाजार पूरी तरह बंद हैं।

Jammu and Kashmir- India TV Hindi
कठुआ के बिलावर में 3 लोगों के शव बरामद Image Source : INDIA TV

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र के लोहाई मल्हार इलाके में गुरुवार रात से लापता तीन लोगों के शव शनिवार को बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान मरहून गांव के 35 वर्षीय जोगेश सिंह, देहोता गांव के 40 वर्षीय दर्शन सिंह और 14 वर्षीय बरून सिंह के रूप में हुई है। तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे, जिसके बाद से वे लापता थे।

क्या है पूरा मामला?

शवों की बरामदगी के बाद आज बिलावर बंद का आह्वान किया गया, जिससे सुबह से ही फिंटर चौक और बिलावर बाजार पूरी तरह बंद हैं। स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया गया है, जहां भाजपा विधायक सतीश शर्मा ने सरकार से जवाब मांगा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री और क्षेत्र के सांसद डॉ जितेंद्र सिंह का सामने आया बयान

केंद्रीय राज्य मंत्री और क्षेत्र के सांसद डॉ जितेंद्र सिंह का इस मामले पर बयान सामने आया है। उन्होंने इसे आतंकी घटना बताया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'जिला कठुआ के बनी क्षेत्र में 3 युवाओं की आतंकियों द्वारा निर्मम हत्या अत्यंत दुखद होने के साथ-साथ एक बड़ी चिंता का विषय है। इस शांतिपूर्ण क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने के पीछे गहरा षड्यंत्र दिखाई देता है। इस विषय में संबंधित अधिकारियों से हमारी चर्चा हुई है। केंद्रीय गृह सचिव स्वयं जम्मू पहुंच रहे हैं ताकि स्थिति का मौके पर जायजा लिया जा सके। मुझे विश्वास है, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और लोगों का विश्वास मजबूत बना रहे।' (इनपुट: राही कपूर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।